कटोरिया व आसपास के क्षेत्रों में डायरिया का प्रकोप बढ़ने लगा है. सोमवार को रेफरल अस्पताल में आधा दर्जन डायरिया पीड़ित को भरती कराया गया. पीड़ितों को अस्पताल में लगातार स्लाइन चढ़ाया जा रहा है
कटोरिया : कटोरिया व आसपास के क्षेत्रों में डायरिया का प्रकोप अब बढ़ने लगा है. सोमवार को रेफरल अस्पताल में डायरिया की चपेट में आने पर सीतामढ़ी की महिला कांवरिया समेत आधा दर्जन लोगों को गंभीर हालत में भरती कराया गया. कांवरिया पथ के जिलेबिया मोड़ से महिला कांवरिया रामदुलारी देवी (60वर्ष) पति रामविलास राय ग्राम जमला परसा थाना मेजरगंज जिला सीतामढ़ी को गंभीर हालत में रेफरल अस्पताल लाया गया.
जहां चिकित्सक डाॅ एसडी मंडल द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया. कांवरिया को सोमवार की सुबह से ही लगातार स्लाइन किये जा रहे हैं. अस्पताल में भर्ती अन्य डायरिया पीड़ितों में महेश यादव (35वर्ष) पिता जगदीश यादव ग्राम भेलबेहड़ी, पनिया देवी (40वर्ष) पति दशरथ यादव ग्राम लोहटनियां, सनिता देवी (22वर्ष) पति अमोद यादव ग्राम पपरेवा, रीता देवी (25वर्ष) पति बासकी तुरी ग्राम कटोरिया व डोमन यादव (60वर्ष) ग्राम सिताने शामिल हैं. सभी डायरिया पीड़ितों को अस्पताल में लगातार स्लाइन किये जा रहे हैं. उन्हें ओआरएस का घोल भी पिलाया जा रहा है.
डायरिया पीड़ित.
डायरिया से बचाव को बरतें सावधानी
इस सीजन में डायरिया का प्रकोप काफी अधिक बढ़ जाता है. डायरिया से बचाव हेतु सावधानी बरतने की भी जरूरत है. रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. योगेंद्र प्रसाद मंडल ने बताया कि आमलोगों को घर में सभी खाद्य सामग्रियों को ढक कर रखनी चाहिए. नदी, जोर या कुंआ का पानी पीने से बचना चाहिए. पानी को उबाल कर ठंडा करके पीयें. साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें. खाने से पूर्व एवं शौच के बाद हाथों की बेहतर ढंग से सफाई भी डायरिया से बचने का कारगर तरीका है. डायरिया का असर शुरू होने पर मरीज को ओआरएस का घोल पिलायें. कोशिश करें कि पीड़ित को यथाशीघ्र नजदीकी अस्पताल ले जायें.
सभी डायरिया पीड़ितों को अस्पताल में लगातार चढ़ाया जा रहा है स्लाइन
पीड़ितों को दिया जा रहा है ओआरएस का घोल
