बांका : जिले भर में चल रहे अवैध गैस रीफिलिंग के कारोबार पर पूरी तरह से रोक लगाने को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी शशिकांत राम के नेतृत्व में रविवार को छापेमारी दल के द्वारा शहर में अवैध गैस कारोबारी के दुकानों पर छापेमारी की गयी. छापेमारी के दौरान खादी भंडार के समीप स्थित दुकानों में छोटे गैस सिलिंडर में गैस भरते शांति नगर निवासी मुन्ना एवं अहमद नगर निवासी लाल को पकड़ा गया. साथ ही मौके पर से ग्राहक बाबूटोला निवासी रौशन सिंह को भी पकड़ा गया.
छापेमारी की जानकारी मिलते ही आस-पास के दुकानदार एवं राहगीर जमा हो गये. अत्यधिक भीड़ हो जाने के कारण इसका फायदा उठाते हुए मौके से दुकानदार एवं ग्राहक दोनों भागने में सफल रहे. तत्पश्चात दोनों के दुकानों में उपलब्ध चार घरेलू सिलिंडर एवं दो छोटा सिलिंडर जब्त किया गया. जब्त सिलिंडरों में घरेलू सिलिंडर एक पूरा भरा हुआ एवं तीन आंशिक रूप से भरा हुआ पाया गया. वहीं दो छोटे सिलिंडर में एक भरा हुआ एवं एक खाली पाया गया.
इसके साथ गैस रीफिलिंग करने वाले 11 (नोजल) उपकरण मिले. दोनों दुकानों से इन सारे समानों को जब्त करते हुए शहर के रामचंद्रा गैस एजेंसी के कर्मी को सुपुर्द किया गया. जब्ती की सूची एवं जांच रिपोर्ट अनुमंडल पदाधिकारी को कार्रवाई के लिए सौंप दी गयी. छापेमारी दल में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रजौन, बांका, कटोरिया एवं बाराहाट शामिल थे.
