पंचायत चुनाव नामांकन. दूसरे दिन तीन महिला व छह पुरुषों ने भरा परचा
पंचायत चुनाव को लेकर गहमागहमी शुरू हो गयी है. तीन मार्च से नामांकन हो रहा है. प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थकों की भीड़ भी नामांकन स्थानों में उमड़ रही है. इससे परेशानी भी हो रही है.
बांका : पंचायत चुनाव 2016 के प्रथम चरण में जिला परिषद सदस्यों का नामांकन विगत 3 मार्च से ही प्रारंभ है. नामांकन के दूसरे दिन बेलहर पूर्वी से चार एवं पश्चिमी से पांच अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया. जिसमें बेलहर पूर्वी से एक एवं पश्चिमी से दो महिला अभ्यर्थी शामिल हैं. नामांकन पर्चा दाखिल करने वालों में बेलहर पूर्वी से मीरा देवी, दीपक कुमार( मीनू) राजेश सिंह एवं गौरी शंकर यादव हैं जबकि बेलहर पश्चिमी से कृष्णा कुमार पंडित, नीतू देवी, सुनील कुमार सिंह, आशा देवी एवं शैलेंद्र कुमार सिंह शामिल हैं.
वही नामांकन के लिए रसीद कटवाने वालों की अच्छी खासी भीड़ भी लगी रही. बीते गुरुवार तक तो बेलहर प्रखंड में नामांकन के लिए रसीद तो कट रही थी. शुक्रवार से चांदन प्रखंड के लिए भी नामांकन रसीद काटी जा रही है. अनुमंडल नाजिर आशोक कुमार झा ने कहा कि शुक्रवार को बेलहर प्रखंड से नामांकन के लिए तीन एवं चांदन प्रखंड से पांच एनआर कटवाये गये हैं.
जिसमेंं बेलहर पूर्वी से एक उम्मीदवार गौरी शंकर यादव ने शुक्रवार को ही एनआर कटवाकर नामांकन दाखिल किया. इसके अलावे बेलहर पूर्वी से भूनेश्वर पंडित, बेलहर पश्चिमी से आरती कुमारी, चांदन दक्षिणी से शारदा देवी, मेनवा देवी, निशा शालिनी एवं पिंकी देवी शामिल हैं. वहीं चांदन उत्तरी से रीना देवी ने शक्रवार को एनआर कटवाया.
बांका : अनुमंडल कार्यालय में चल रहे जिला परिषद के नामांकन के लिए दूसरे दिन नामांकन दाखिल करने वालों का मेला सा लगा रहा. मुख्य द्वार पर लगाये गये बेरीकेडिंग को धता- बता कर अभ्यर्थियों के साथ आये समर्थक नामांकन कक्ष के समीप तक पहुंच गये और नारेबाजी की.
जिससे वहां तैनात पुलिसकर्मी ने लोगों को बाहर जाने को कहा. लेकिन समर्थक परिसर में ही जमे रहे. इसका मुख्य कारण मुख्य द्वार पर तैनात मजिस्ट्रेट का नहीं रहना था. उनकी गैर हाजिरी में अनावश्यक भीड़ परिसर के अंदर चली आयी. जिससे वहां का माहौल बिगड़ गया. कुछ समय के बाद जब मुख्य द्वार के मजिस्ट्रेट पहुंचे तो फिर पुलिस की मदद से लोगों को बाहर निकाला गया. निर्वाचन के नियमों का उल्लंघन दिनों भर चलता रहा. अभ्यर्थियों के समर्थक परिसर के अंदर ही नियमों को तोड़ते दिखे.
अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन दाखिल कर कक्ष से बाहर निकलते ही समर्थकों ने अनुमंडल परिसर में ही अबीर गुलाल उड़ाना चालू कर दिया और विजय घोष की नारे लगाये. जबकि नियमानुकूल 200 गज के दायरे में किसी भी प्रकार का भीड़ भाड़ या नारेबाजी नहीं किया जाना है. ऐसे किये जाने पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला बनता है.
