बाराहाट : झारखंड को बिहार से जोड़ने वाली लाइफ लाइन सड़क अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है. रखरखाव और निर्माण के वक्त लूट का दंश झेल चुकी सड़क गड्ढे में तब्दील होकर आये दिन दुर्घटनाओं का निमंत्रण दे रही है. स्टेट हाइवे का सबसे महत्वपूर्ण दुमका भागलपुर मुख्य मार्ग पर यात्रा करना लोगों के लिये किसी दु:ख स्वप्न से कम नहीं है.
इस मार्ग पर सरकार के सभी दावे और वादे पीछे छूट जाते हैं. कहां तो राज्य के किसी कोने से पांच घंटे के अंदर राजधानी पहुंचने की बात कही जा रही थी. लेकिन हालात सुधरने के बजाय इतने बदतर हो गये हैं कि लोगों को अपने गृह जिला से दूसरे स्थान पर पहुंचने में चार से पांच घंटे का वक्त जाया कराना पड़ रहा है.
इसका सबसे कठिन नजारा बाराहाट थाना के पुनसिया बाजार से आरंभ होकर महराणा हाट तक देखने को मिलता है. जहां इस मार्ग से गुजर रहे बड़े बड़े वाहनों के चालक अपनी गाड़ी को चलने के बजाय रेंग कर किसी तरह अपने ऊपर वाले को याद कर आगे बढ़ते हैं. हालांकि इस दौरान कई वाहन दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं. जिसमें यात्रियों के जानमाल के साथ साथ काफी बड़े राजस्व पर भी असर पड़ रहा है.
