बौंसी : डीआरएम राजेश अर्गल ने अधिकारियों के दल के साथ गुरुवार को भागलपुर हंसडीहा रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में मंदारहिल पहुंचे और विभाग के डीईओ की जम कर क्लास लगायी. करीब एक माह से वहां 32 केवी के पड़े हुए जेनरेटर को देखकर उन्होंने डीईओ से इसकी जानकारी ली.
बताया गया कि चेंजर के नहीं रहने एवं फाउंडेशन की वजह से बंद पड़ा है. इस पर उन्होंने अधिकारियों को फटकारते हुए कहा कि अगर फाउंडेशन नहीं बनेगा तो जेनरेटर नहीं चलेगा क्या. अपने साथ आए डीईई को फटकार लगाते हुए कहा कि इसमें रेल का पैसा लगा है और इसका वारंटी पीरियड भी समाप्त हो रहा है इसलिए अविलंब इसे चालू करें.
माह के अंत तक जेनरेटर को चालू करने की बात कही साथ ही बांका, बाराहाट हंसडीहा के भी जेनरेटरों को चालू करने का निर्देश दिया. अधिकारियों के दल के साथ यहां आये डीआरएम ने पूरे परिसर का जायजा लिया. जिसके बाद बौंसी बाजार के व्यवसायियों एवं लायंस क्लब के सदस्यों ने डीआरएम को एक आवेदन सौंपते हुए मंदारहिल स्टेशन की समस्या एवं मंदारहिल सवारी गाड़ी में अलग से तीन बोगी जोड़े जाने की मांग की तथा इस गाड़ी के समय में परिवर्तन की मांग की जिस पर उन्होंने शीघ्र ही सुधार की बात कही.
