बांका: नगर पंचायत लोगों की समस्या के निदान के लिए है. लेकिन यहां तो नगर पंचायत ही समस्या खड़ी कर रही है. नगर पंचायत के पास अपना इंजीनियर रहते हुए भी जैसे-तैसे सड़क निर्माण करता है, जिसके बाद समस्या खड़ी होती है. सड़क का निर्माण होता है उसमें नाला भी बनाया जाता है. लेकिन नाले का पानी कहां निकलेगा इसका ख्याल किसी के पास नहीं है.
क्या है समस्या
शहर के आजाद चौक से पुलिस लाइन और करहरिया मुहल्ले जाने के लिए एक पीसीसी सड़क है. उस ओर से पुलिस केंद्र में रहने वाले सभी पुलिसकर्मी, करहरिया मुहल्ले के हजारों लोग के अलावा चौक के समीप रहने वाले लोग इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं. लेकिन समस्या यह है कि इस मार्ग पर नाले का पानी लगातार बहता रहता है, जिससे लोगों को जाने-आने में परेशानी का सामना करना पड़ता है.
वार्ड नंबर 14 और वार्ड नंबर सात की सीमा पर स्थित यह सड़क दो वार्डो के कारण फंस गया है. वार्ड नंबर 14 के वार्ड सदस्य के द्वारा इस मुहल्ले में पीसीसी सड़क और नाले का निर्माण कराया गया लेकिन इसके आगे नाले को नहीं बना कर इसका पानी यूं ही सड़कों पर बहने के लिए छोड़ दिया. जिस कारण यह समस्या उत्पन्न होती है.
फंड के अभाव व कुछ विभागीय कार्रवाई नहीं होने के कारण अब तक नाले का निर्माण नहीं हो सका है. प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है. जल्द ही नाले का निर्माण कर दिया जायेगा.
आलोक कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, बांका
