शाहकुंड: सजौर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर-भागलपुर मुख्य मार्ग पर रतनगंज बाजार के पास पुल पर बुधवार की सुबह करीब छह बजे एक बालू लदे ट्रक ने स्थानीय युवक दयानंद साह को कुचल दिया. गंभीर रूप से जख्मी हालत में उसे परिजन अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. इससे आक्रोशित मृतक के परिजनों व स्थानीय लोगों ने सुबह करीब सात बजे पुल के पास शव रख कर मुख्य मार्ग जाम कर दिया. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने दर्जन भर से अधिक ट्रकों के शीशे तोड़ डाले.
बाजार को कराया बंद : सजाैर के थानाध्यक्ष मनोज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच रहे थे, लेकिन रतनगंज बाजार से करीब सौ मीटर दूर ही लोगों ने पुलिस पर पथराव कर खदेड़ दिया. इस दौरान रतनगंज बाजार को भी बंद करा दिया गया. लोगों का आक्रोश देख पुलिस भाग खड़ी हुई. पथराव में सजाैर थाना के एसआइ मनोज कुमार व तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये.
लोगों ने थानाध्यक्ष के साथ धक्का-मुक्की भी की.
चालक व खलासी गिरफ्तार : लोग प्रशासन से बालू के अवैध खनन पर रोक लगाने, रतनगंज बाजार की शराब दुकान को बंद कराने और सजाैर के थानाध्यक्ष को हटाने की मांग कर रहे थे. दोपहर में सदर एसडीओ सुनील कुमार व विधि-व्यवस्था डीएसपी राकेश कुमार पहुंचे और लोगों की तीनों मांगें पूरी करने का लिखित आश्वासन दिया. इसके बाद दोपहर एक बजे जाम टूटा. रतनगंज निवासी उपेंद्र नारायण साह दयानंद साह सुबह साइकिल से खेत घूमने जा रहा था. अमरपुर से भागलपुर जा रहे बालू लदे ट्रक ने पीछे से उसे कुचल दिया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर उसके चालक व खलासी को गिरफ्तार कर लिया है.
