बांका : सूबे के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि नरेंद्र मोदी अगर देश के प्रधानमंत्री बने तो नीतीश कुमार को बिहार की जनता से माफी मांगनी पड़ेगी. चुनाव में सीधी लड़ाई आरजेडी से होगी.
जदयू तीसरे नंबर की पार्टी होगी. कांवरिया पथ के निरीक्षण के उपरांत बांका में मंगलवार को पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल के आवास पर पत्रकारों से श्री मोदी बात कर रहे थे. उन्होंने कहा कि जब एनडीए की सरकार बिहार में थी, तब कांवरिया पथ पर समानांतर पथ बनाने का जो निर्णय लिया गया था. आज कांवरिया पथ पर सर्वेक्षण के दौरान आये तो उन्हें इस बात की संतुष्टी थी कि उनकी सरकार ने यह काम पूरा किया.
गंठबंधन में अच्छे और बुरे दोनों दौर के लिए एनडीए जिम्मेवार है, फिर भी सूबे के मुख्यमंत्री की जिम्मेवारी सबसे बड़ी होती है.
पिछले साल की तुलना में दु:ख है कि इस साल कांवरिया पथ पर सुविधा बढ़ने के बजाय गिरावट आयी है. मेला विकास प्राधिकार का गठन होने के बाद भी श्रावणी मेले से पहले बैठक नहीं होने पर उन्होंने चिंता जतायी. कहा कि नौकरशाहों के भरोसे कांवरिया पथ है. कांवरियों ने भी निरीक्षण के दौरान पथ पर बिजली, खराब सड़क, चिकित्सा असुविधा, खाने पीने की असुविधा जैसी शिकायते उनसे की. सरकार के पास बहुमत नहीं है. मंत्रिमंडल का डेढ़ माह बाद भी विस्तार नहीं किया गया.
* बिहार में सुखाड़, सरकार चुप : बिहार में सुखाड़ की स्थिति पैदा हो गयी है और सरकार चुप है. सुखाड़ जल्द घोषित किये जाने से किसानों को बैंक ऋण वसूली स्थगित तथा बैंकों द्वारा ऋण दिये जाने और केंद्र सरकार से भी सहायता का लाभ मिल पाता है. 2010 में 21 प्रतिशत वर्षा में सुखाड़ घोषित हुआ था.
* यहां हाहाकार और बिजली बेच रही सरकार
बिजली बोर्ड दूसरे राज्यों को 300 मेगावाट बिजली बेच रही है और यहां की सरकार सिर्फ 8 घंटे बिजली देने की घोषणा कर रही है. मगर दे नहीं पा रही है. डीजल अनुदान की प्रक्रिया को जटिल बताते हुए कहा कि पिछले साल 550 करोड़ की स्वीकृति में मात्र 177 करोड़ रुपये का खर्च हुआ था. इस बार तो उसकी भी नियत सरकार के नहीं दिख रहे.
* नीतीश जी नहीं चाहते कि चाय बेचने वाला का बेटा बने प्रधानमंत्री
जनता खिचड़ी परोस सरकार नहीं चाहती है. मतदाताओं को अपने वोट का महत्व बताते हुए कहा कि सरकार को विकास की नहीं कुर्सी की चिंता है. तभी तो 17 साल की दोस्ती झट तोड़कर चार निर्दलीय और चार कांग्रेस की विधायक से हाथ मिलाकर कुर्सी बचा ली. केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज ही कश्मीर सीमा में प्रवेश कर पाकिस्तान के सेना ने हमारे पांच जवानों को मौत के घाट उतार दिया. जिस घर का मुखिया कमजोर होता है तो पड़ोसी भी घर में घुस आता है.
अगर नमो प्रधानमंत्री होते तो पाकिस्तान की यह हिम्मत नहीं होती. नीतीश कुमार नहीं चाहते कि चाय बेचने वाले का बेटा प्रधानमंत्री बने. समुखिया मोड़ में आम सभा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने जनता से पूछा कि आखिर नरेंद्र मोदी का गुनाह किया है? 10 लाख बिहारी गुजरात में है जिन्हें कोई दिक्कत नहीं हो रही है.
मंहगाई और घोटाले के लिए केंद्र सरकार जिम्मेवार है. इस मौके पर पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल, पूर्व विधायक फालगुनी यादव, भागलपुर उप मेयर प्रीति शेखर, जिलाध्यक्ष बांका अनिल सिंह, भाजपा के वरीय नेता मृणाल शेखर, केदार सिंह, अजय दास, वरीय नेता मनोज यादव, अमर कुमार मिश्र,जय शंकर चौधरी, वार्ड पार्षद विष्णु चक्रवर्ती, नकुल ठाकुर, मुकेश सिंहा, रोहित दुबे, बब्बन झा, मृत्युंजय शर्मा, रामानंद चौधरी, राजीव लोचन मिश्र, राकेश सिंह, मुकेश सिंह, हरिश्चंद्र सिंह, वार्ड पार्षद कृष्णा नंद रजक, सुनील चटर्जी, युवा मोर्चा के कुंदन सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता ने बांका की धरती पर श्री मोदी का भव्य स्वागत किया.
