पंजवारा. पंजवारा पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार के तहखाने से 130.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. मंगलवार की सुबह उत्पाद विभाग के चेक पोस्ट पर चलाये जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस को यह सफलता हाथ लगी. थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि झारखंड के गोड्डा की ओर से आ रही एक टाटा सफारी को जांच के लिए रोका गया. पूछताछ के दौरान चालक की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए वाहन को पंजवारा थाना लाया गया. जांच में कार के भीतर बने तहखाने से विभिन्न ब्रांड की कुल 130.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी. गिरफ्तार तस्कर की पहचान बेगूसराय जिला के बलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कसबा गांव निवासी मो. मेराज पिता मो. नेमत के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके खिलाफ बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है. उसे न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया जायेगा. कार्रवाई में थानाध्यक्ष मनीष कुमार के साथ एसआई सुनील कुमार तिवारी व पुलिस बल के जवान मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
