अमरपुर : थाना क्षेत्र के भदरिया गांव से सोमवार देर रात चोरों ने कीमती संगमरमर की दो मूर्ति चोरी कर ली. जानकारी के अनुसार 86 वर्ष पूर्व गांव के ही दुर्गा प्रसाद भगत ने ठाकुरबाड़ी की स्थापना की थी. इसमें भगवान राम, सीता व लक्ष्मण की मूर्ति विराजमान थी, जहां प्रतिदिन श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते थे.
सोमवार की रात्रि चोरों ने ठाकुरबाड़ी पहुंच कर मंदिर का ताला तोड़ते हुए मंदिर में मौजूद तीन मूर्ति की चोरी कर ली. हालांकि चोरों ने मंदिर से कुछ ही दूरी पर जाकर माता सीता की मूर्ति को रख दिया और अपने साथ राम व लक्ष्मण की मूर्ति ले गये. गांव के पूरब रब्बानी टोला पुल के समीप पुल पर एक मूर्ति का टूटा हुआ हाथ मिला है. इस घटना के बारे में लोगों को उस वक्त पता चला जब गांव की एक महिला सुबह पूजा करने के लिए मंदिर पहुंची.
मंदिर पहुंचते ही महिला ने देखा कि ठाकुरबाड़ी का ताला टूटा हुआ है और मंदिर का सामान पसरा हुआ है. महिला के हल्ला करने पर गांव के लोग जमा हुए और मामले की जानकारी ली. इसी दौरान ग्रामीणों ने अमरपुर पुलिस को मामले की जानकारी दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस बल ने भी ठाकुरबाड़ी पहुंच कर मामले की जानकारी ली. घटना स्थल पर से पुलिस ने कार्बन, रूई तथा प्लास्टिक ग्लब्स आदि बरामद किया है. बाद में पुलिस ने डॉग स्क्वायड की एक टीम को घटना स्थल पर बुलाकर मूर्ति चोरी का उद्भेदन करने का प्रयास किया. लेकिन टीम को कोई बड़ी सफलता अब तक हाथ नहीं लग पायी है. हालांकि डॉग स्क्वायड की टीम गांव के एक झोपड़ी के पास जाकर बार-बार रुक जा रहे थे. टीम को आशंका है कि चोरों का इस झोपड़ी से कोई संबंध है. अमरपुर थानाध्यक्ष राजकपूर कुशवाहा ने बताया है कि चोरों ने अष्टघातु की मूर्ति सोचकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है. लेकिन चोरी की गयी मूर्ति अष्टघातु की नहीं संगमरमर की है. इस मामले में अज्ञात चोर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान तेज कर दिया गया है.
