शंभुगंज : थाना क्षेत्र में इन दिनों पुलिस प्रशासन की लापरवाही से अपराधियों का मनोबल भी दिनों दिन बढ़ता ही जा रहा है. बुधवार की शाम भी शंभुगंज-असरगंज मुख्य मार्ग पर बदुआ नदी पुल पर मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर छत्रहार गांव के अमित कुमार मधुकर पिता श्याम किशोर चौबे की स्कूटी रोककर उनसे मारपीट करते हुए पर्स में रखा 72 सौ रुपया और दो मोबाइल लूट लिया. घटना को अंजाम देने के बाद तीनो अपराधी मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग निकला.
जानकारी के अनुसार अमित कुमार उच्च विद्यालय खेसर में चतुर्थवर्गी कर्मचारी हैं, जो इंटर की परीक्षा के बाद नित्य दिन की भांति खैरियत रिर्पोट जिला मुख्यालय में जमाकर अपनी न्यू स्कूटी से वापस गांव आ रहे थे. इस बीच शंभुगंज-असरगंज मुख्य मार्ग पर बदुआ नदी पुल पर पूर्व से ही घात लगाये बैठे तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर घटना को अंजाम दिया. पीड़ित ने थाना में आवेदन देकर घटना की शिकायत की है. थानाध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.
