नवयुवक कमेटी ने महाजनी प्रथा को दिखाया बाहर का रास्ता

सूदखोरी से तंग ग्रामीणों को देख सन्हौला के युवाओं ने नवयुवक किसान विकास कमेटी का किया गठन चौथी वर्षगांठ पर गरीब के बीच कंबल वितरण बांका : सूदखोरी व महाजनी की प्रथा में आज भी ग्रामीण क्षेत्र जकड़ा हुआ है. इसकी चपेट में आकर अक्सर गरीब चक्रवृद्धि ब्याज के रुप में संपूर्ण अर्जित धन-संपत्ति को […]

सूदखोरी से तंग ग्रामीणों को देख सन्हौला के युवाओं ने नवयुवक किसान विकास कमेटी का किया गठन

चौथी वर्षगांठ पर गरीब के बीच कंबल वितरण
बांका : सूदखोरी व महाजनी की प्रथा में आज भी ग्रामीण क्षेत्र जकड़ा हुआ है. इसकी चपेट में आकर अक्सर गरीब चक्रवृद्धि ब्याज के रुप में संपूर्ण अर्जित धन-संपत्ति को चुका देने को मजबूर हैं. अलबत्ता, फिर भी ब्याज का संकट जीवन भर व्याप्त रहता है. इस कुसंस्कृति को खदेड़ने के लिए ककवारा पंचायत क्षेत्र अंतर्गत सन्हौला गांव के युवकों ने गजब की तरकीब ढूंढ़ ली. जी हां, युवाओं ने नवयुवक किसान विकास कमेटी गठित कर गरीब को दो प्रतिशत न्यूनतम ब्याज पर राशि मुहैया करा रही है.
विशेषकर गरीब किसान को खरीफ व रबी की खेती के लिए आर्थिक रूप से सहायता दी जाती है. सोमवार को कमेटी का चौथा वर्षगांठ मनाया गया. कमेटी अध्यक्ष सुनील यादव की अध्यक्षता में गरीब लोग के बीच एक सौ कंबल वितरित किये गये. मुख्य अतिथि के रूप जिला युवा राजद के अध्यक्ष विशाल यादव, ककवारा पंचायत के पंसस निशा देवी, मनोज दास व समाजसेवी किशोर कुमार देव प्रमुख रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करायी.
कमेटी के सहयोग से 35 डोली गांव से हुई विदा
नवयुवक किसान विकास कमेटी न केवल कृषि बल्कि सामाजिक सरोकार से जुड़े हर क्षेत्र में योगदान के लिए तत्पर रहती है. कमेटी के माध्यम से अबतक गरीब परिवार के 35 कन्याओं का विवाह संपन्न हुआ है. जबकि गरीब के यहां अगर किसी व्यक्ति की मौत होती है तो उन्हें भी सहायता राशि दी जाती है. आगे कमेटी के विस्तार व मजबूती के लिए प्रयास जारी है.
विपत्ती में पड़े किसानों को तत्काल सहायता प्रदान करती है कमेटी
वक्ताओं ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सन्हौला के युवकों ने लाजवाब प्रयास शुरू किया है. इस नीति से गरीब शोषण से बचकर अपनी खुशहाल जिंदगी गुजर-बसर करेंगे. कमेटी अध्यक्ष सुनील यादव ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी आपातकाल की स्थिति से निबटने के लिए कमेटी शारीरिक व आर्थिक रूप से दिन-रात खड़ी रहती है.
यह कमेटी नाबार्ड से पंजीकृत है. कमेटी के खाते में 12 लाख की राशि जमा है. जबकि आपातकाल से निबटने के लिए 20 हजार नकद हर समय उपलब्ध रहता है. यह राशि उस समय खर्च की जाति है जब कोई ग्रामीण बीमार पड़ जाते हैं. साथ ही अगर किसी किसान पर कृषि संकट आन पड़ता है तो कमेटी इस राशि का उपयोग करती है. इस मौके पर सचिव बाबूलाल यादव, कोषाध्यक्ष प्रदीप यादव, दीपक यादव, बसंत यादव, स्वामी यादव, हीरा राय, शैलेंद्र यादव, अजय राउत, सोनू, मनोहर, दीपनारायण यादव, लालू यादव, जितेंद्र सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >