Bihar News: पटना में शादी से लौटा ऑटो चालक की सिर काटकर हत्या, पलंग पर छोड़ दिया धड़

Bihar Crime News: पटना में बदमाशों ने ऑटो चालक की गला काट निर्मम हत्या कर दी है. बदमाशों ने ऑटो चालक का धड़ पलंग पर छोड़ दिया और सिर को पलंग के नीचे रख फरार हो गये. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

पटना सिटी. बदमाशों ने ऑटो चला कर जीवन यापन करने वाले 35 वर्षीय गौरीशंकर साव की गला काट निर्मम हत्या कर दी. इसके बाद धड़ पलंग पर छोड़ दिया और सिर को पलंग के नीचे रख फरार हो गया. घटना आलमगंज थाना क्षेत्र के बड़ी पटनदेवी के समीप में स्थित बढ़ई टोला मुहल्ला में घटी है. हत्या का मामला शनिवार की दोपहर उस समय सामने आया, जब मृतक के परिजन शादी समारोह से घर लौटे. परिजनों व मुहल्ला के लोगों की सूचना पाकर मौके पर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार व डीएसपी अमित शरण भी पहुंचे और मामले में छानबीन आरंभ की.

जांच में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष का कहना है कि हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है. शव देख प्रतीक होता है कि हत्या बदले की भावना से की गयी है. पुलिस पारिवारिक व पुराने विवादों को भी जांच पड़ताल कर हत्या की गुत्थी सुलझाने में लगी है. मृतक गौरीशंकर के मामा महेश साव ने बताया कि शुक्रवार को पश्चिम दरवाजा स्थित उत्सव हाल में भतीजा निशु की शादी थी. इसमें शामिल होने के लिए परिवार के सदस्य गये थे. शादी समारोह में मृतक गौरीशंकर भी शामिल हुआ था, वहीं से रात लगभग साढ़े 12 बजे वह घर बड़ी पटनदेवी बढ़ई टोला लौट आया, परिवार के लोग वहीं रह गये.

घटना के बाद मुहल्ले में मच गयी अफरा-तफरी

शनिवार की दोपहर में पत्नी मोनी देवी पति का खाना लेकर घर पहुंची, तो देखा कि पलंग पर पति का गला विहिन धर पड़ा है, जबकि सिर पलंग के नीचे रखा है. पेट में भी तेज हथियार के वार हैं. अंदर का दृश्य देख कर उसने शोर मचाया और परिजनों व मुहल्ला के लोगों को बुलाया. इसी बीच सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस भी पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेजा. घटना के बाद मुहल्ले में अफरा-तफरी मच गयी. शुक्रवार की देर रात ही बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया.

Also Read: Patna News: बरात से लौट रही कार और ऑटो में जोरदार टक्कर, एक की मौत, नौ लोग गंभीर रूप से घायल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >