औरंगाबाद के अंबा थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम 32 वर्षीय मेडिकल दुकानदार की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. अंबा बाजार में दुकान के ऊपर स्थित कमरे से शव मिला. मृतक की पहचान वसीम आलम उर्फ छोटू के रूप में हुई. वसीम अंबा बाजार में रहता था और मेडिकल दुकान चलाता था.
बड़े भाई ने पुलिस को दी लिखिती जानकारी
मृतक के बड़े भाई जफर आलम ने पुलिस को लिखित जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि गुरुवार की शाम उनकी मां ने फोन कर बताया कि वसीम काफी देर से घर नहीं आया है. इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए. कई बार फोन करने के बावजूद वसीम ने कॉल रिसीव नहीं किया, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई.
इसके बाद जफर आलम अपनी दुकान के ऊपर स्थित वसीम की मेडिकल दुकान पर पहुंचे. वहां दुकान का मुख्य गेट अंदर से बंद मिला. काफी देर तक आवाज देने और गेट खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली.
अंदर कमरे में मिला वसीम का शव
परिजनों ने स्थिति को देखते हुए मिस्त्री को बुलाया. इसके बाद दुकान के अंदर से लगी छिटकिनी तोड़ी गई. परिजन जब दुकान के अंदर दाखिल हुए तो सबसे पिछले कमरे में वसीम का शव मिला.
घटना के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. अंबा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया.
पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था वसीम
परिजनों के अनुसार, वसीम पिछले कुछ समय से मानसिक परेशानी से जूझ रहा था और उसका इलाज भी चल रहा था. परिवार का कहना है कि वह पहले भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था. इसी कारण परिजन उसे अकेला नहीं छोड़ते थे.
मृतक के भाई जफर आलम ने पुलिस को दिए आवेदन में मानसिक परेशानी के कारण वसीम द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात कही है. हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
परिवार का हाल बेहाल
घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. अचानक हुई इस घटना से अंबा बाजार में भी शोक का माहौल है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी जुटा रही है. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.
