फिटनेस, अनुशासन और आधुनिक पुलिसिंग के बताये जा रहे गुर

औरंगाबाद पुलिस केंद्र में 412 जवानों को मिल रहा विशेष प्रशिक्षण

औरंगाबाद पुलिस केंद्र में 412 जवानों को मिल रहा विशेष प्रशिक्षण प्रतिनिधि, औरंगाबाद कार्यालय औरंगाबाद शहर स्थित पुलिस केंद्र में 412 जवानों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है. प्रशिक्षण के दौरान जवानों को आधुनिक पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देने के साथ उनकी शारीरिक एवं मानसिक क्षमता को भी विकसित किया जा रहा है. प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकांश जवान पटना इलाके से जुड़े बताये जा रहे हैं. पुलिस विभाग द्वारा उन्हें व्यवहारिक एवं तकनीकी दोनों प्रकार की ट्रेनिंग दी जा रही है, ताकि वे भविष्य में बेहतर ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें. पुलिस उपाधीक्षक आकाश कुमार ने बताया कि जवानों को अलग-अलग सत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है. हर दिन सुबह शारीरिक अभ्यास, दौड़ एवं परेड से शुरुआत होती ह इसके बाद कानून व्यवस्था बनाये रखने, अपराध नियंत्रण, दंगा नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, हथियार संचालन तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाता है. प्रशिक्षकों द्वारा जवानों को यह भी सिखाया जा रहा है कि आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार एवं संवाद कैसे स्थापित किया जाये. उन्होंने बताया कि जवानों की शारीरिक दक्षता बढ़ाने के लिए योग का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है. योग के माध्यम से जवानों को मानसिक तनाव से दूर रहने और कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाये रखने की सीख दी जा रही है. योग सत्र में प्राणायाम, ध्यान एवं विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया जाता है. अधिकारियों का मानना है कि पुलिसकर्मियों के लिए मानसिक रूप से मजबूत रहना उतना ही जरूरी है जितना शारीरिक रूप से फिट रहना. प्रशिक्षण केंद्र में अनुभवी अधिकारियों एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की टीम तैनात की गयी है.जवानों को व्यावहारिक परिस्थितियों से जोड़कर प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि ड्यूटी के दौरान वे किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का सामना आसानी से कर सकें. अनुशासन, समय पालन और टीम भावना पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है. डीएसपी आकाश कुमार ने बताया कि यह प्रशिक्षण मई माह के अंत तक चलेगा. इसके बाद जवानों की आवश्यक परीक्षा ली जायेगी. परीक्षा में सफल होने वाले जवानों के लिए पासिंग आउट परेड का आयोजन किया जायेगा. प्रशिक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी जवानों को विभिन्न जिलों एवं थानों में उनकी आवश्यकता के अनुसार तैनात किया जायेगा. पुलिस विभाग का मानना है कि इस तरह का प्रशिक्षण जवानों को आधुनिक चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने में काफी सहायक साबित होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >