बिहार विद्यालय अध्यापक महासंघ, औरंगाबाद जिला इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वर्तमान विधान पार्षद जीवन कुमार से रविवार को सर्किट हाउस में मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय अध्यापकों के लिए सातवें वेतनमान की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए इसे वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकता बताया. इस दौरान शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई.
प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए विधान पार्षद जीवन कुमार ने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि आगामी विधानसभा सत्र में सातवें वेतनमान से जुड़े मुद्दे को प्रभावी ढंग से सदन के पटल पर उठाया जाएगा. उनके इस आश्वासन से प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने संतोष जताया.
महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने कहा कि विद्यालय अध्यापकों की जायज मांगों को उचित मंच तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि सातवां वेतनमान शिक्षकों के लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है और इसके लिए संगठन लगातार प्रयासरत है.
जिला संगठन मंत्री मंतोष कुमार ने कहा कि संगठन का उद्देश्य शिक्षकों की समस्याओं को तथ्यों के साथ सक्षम मंच तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में निरंतर प्रयास करना है. वहीं, जिला सचिव अभिमन्यु कुमार पाठक ने सेवा संपुष्टि से संबंधित समस्याओं की ओर विधान पार्षद का ध्यान आकृष्ट कराया.
जिला सह संगठन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने संगठन को प्रखंड एवं विद्यालय स्तर तक मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई. जिला प्रवक्ता श्वेता सिंह ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को सकारात्मक एवं प्रभावी तरीके से संबंधित मंच तक पहुंचाना संगठन की जिम्मेदारी है.
औरंगाबाद अनुमंडल अध्यक्ष विश्वविजय चतुर्वेदी ने कहा कि सातवें वेतनमान का मुद्दा सभी विद्यालय अध्यापकों से जुड़ा हुआ है. वहीं, अनुमंडल महिला अध्यक्ष विद्या सिंह ने कहा कि महिला शिक्षिकाओं सहित सभी विद्यालय अध्यापकों की समस्याओं को संगठन के मंच से मजबूती के साथ उठाया जाएगा.
जिला कार्यक्रम संयोजन प्रभारी मुन्ना कुमार एवं कोषाध्यक्ष अभिषेक कुमार पाण्डेय ने शिक्षक एवं समाज हित में विधान पार्षद जीवन कुमार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और सदन में सातवें वेतनमान का मुद्दा उठाने के आश्वासन के लिए आभार जताया.
इस अवसर पर प्राचार्य रितेश कुमार, प्राचार्य रंजीत कुमार सिंह, प्राचार्य पंकज कुमार, प्राचार्य डॉ रजनीकांत कुमार, प्रभारी प्राचार्य रूपेश रंजन, शिक्षक पंकज कुमार गुप्ता, शैलेश सिंह, दयानंद जी, डॉ विकास सिंह, रवीन्द्र कुमार गुप्ता सहित कई शिक्षक उपस्थित थे.
