21 सितंबर को औरंगाबाद पहुंचेगी स्वर्वेद संदेश यात्रा, अंबा के सड़सा में होगा संत विज्ञानदेव जी महाराज का कार्यक्रम

स्वर्वेद संदेश यात्रा 21 सितंबर को औरंगाबाद में प्रवेश करेगी, जिसका भव्य स्वागत किया जाएगा. संत प्रवर श्री विज्ञानदेव जी महाराज के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है. यात्रा का उद्देश्य स्वर्वेद के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है.

कन्याकुमारी से कश्मीर तक चल रही स्वर्वेद संदेश यात्रा के आगमन को लेकर औरंगाबाद में तैयारियां शुरू हो गई हैं. यात्रा 21 सितंबर को जिले में पहुंचेगी. इसे लेकर गुरुवार को जगदेव नगर स्थित महर्षि सद्गुरु सदाफल देव आश्रम परिसर में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में यात्रा के औरंगाबाद आगमन, कार्यक्रम की तैयारी, श्रद्धालुओं की व्यवस्था और प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. यात्रा को लेकर जिलेभर के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

प्रदेश युवा अध्यक्ष सह कार्यवाहक महामंत्री बिहार संजय सिंह ने बताया कि संत प्रवर श्री विज्ञानदेव जी महाराज 21 सितंबर को अंबा प्रखंड के सड़सा स्थित दुमुहान, श्री भास्कर नगर परिसर पहुंचेंगे. यहां एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में संत प्रवर श्री विज्ञानदेव जी महाराज द्वारा स्वर्वेद कथा प्रस्तुत की जाएगी.

अलग-अलग जिले से पहुंचेंगे श्रद्धालु

कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग प्रखंडों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा. इसे लेकर आयोजन समिति की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.

स्वर्वेद के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य

वैदिक पुरोहित आचार्य मयंक शास्त्री ने बताया कि स्वर्वेद संदेश यात्रा का उद्देश्य स्वर्वेद के विचारों और संदेश को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है. यह यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली जा रही है.

उन्होंने बताया कि 14 और 15 दिसंबर को वाराणसी स्थित स्वर्वेद महामंदिर धाम में समर्पण दीप आध्यात्म महोत्सव, विहंगम योग संत समाज का 103वां वार्षिकोत्सव और 25 हजार कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा. इसी आयोजन और स्वर्वेद के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह संदेश यात्रा निकाली जा रही है.

आचार्य का बयान

आचार्य मयंक शास्त्री ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य आत्म जागरण के माध्यम से राष्ट्र जागरण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है. इसके जरिए लोगों को आध्यात्मिक चेतना और आत्म जागरण के संदेश से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.

बैठक में तैयारियों पर हुआ विचार-विमर्श

जिला स्तरीय बैठक में 21 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कई बिंदुओं पर चर्चा की गई. श्रद्धालुओं के आने-जाने की व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक इंतजाम, प्रचार-प्रसार और आयोजन से जुड़ी तैयारियों को लेकर जिम्मेदारियां तय करने पर विचार किया गया.

आयोजकों की ओर से बताया गया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. ऐसे में आयोजन स्थल पर व्यवस्था बेहतर रखने और सभी श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

बैठक में जिला सचिव के साथ अन्य लोग

बैठक में जिला सचिव उमेश सिंह, सह सचिव अनुज प्रसाद, संयोजक विनोद वर्मा, सहसंयोजक डॉ. श्यामनारायण प्रसाद, सुनील संगम, लव सिंह, योगेंद्र यादव, सीताराम वर्मा, राकेश कुमार, दिनेश यादव, लालमोहन प्रजापति, रामचंद्र पांडेय, दामोदर सिंह, राजगीर विश्वकर्मा, शंभु प्रसाद, शंकरदयाल सिंह, कुलदीप मास्टर, राजदेव सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुजीत कुमार सिंह

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >