Aurangabad News : इंद्रपुरी बराज से लगातार पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. बुधवार को जलस्तर बढ़ने से दाउदनगर अनुमंडल के सोनतटीय इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गयी. प्रशासन ने लोगों से सोन दियारा क्षेत्र में नहीं जाने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है. हालांकि, अभी तक दाउदनगर क्षेत्र में जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है.
बराज से 5.11 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज
बुधवार की सुबह नौ बजे इंद्रपुरी बराज से 5 लाख 11 हजार 599 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना मिली. इसके बाद सुबह 10 बजे बराज से 5 लाख 10 हजार 276 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हो रहा था. बाद में पानी डिस्चार्ज की मात्रा फिर बढ़ गयी. बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण सोन नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि देखी जा रही है.
सोनतटीय इलाकों में दिखाई देने लगा बढ़ा पानी
सोन नदी का बढ़ा हुआ पानी दाउदनगर के सोन पुल घाट, काली स्थान घाट, बालूगंज, अंछा सहित अन्य सोनतटीय इलाकों में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया. नदी के आसपास के दियारा क्षेत्र में लगी सब्जियों की फसल भी पानी में डूब गयी है. इससे किसानों को फसल नुकसान की आशंका है. जलस्तर और बढ़ने की स्थिति में किसानों को और अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.
Also Read : ओबरा में बैंकर्स समिति की बैठक, वार्षिक ऋण योजना के लक्ष्य की हुई समीक्षा
600 भेड़ और दो चरवाहे पानी में फंसे
इधर, अंछा गांव के समीप सोन क्षेत्र में करीब 600 भेड़ और दो चरवाहे पानी के बढ़ते स्तर के बीच फंस गये. इसकी सूचना प्रशासन को मिलने के बाद उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया. एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी भेड़ों तथा दोनों चरवाहों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
एसडीआरएफ ने समय रहते सभी को निकाला
एसडीआरएफ के रेस्क्यू अभियान से संभावित बड़े हादसे को टालने में सफलता मिली. पानी का स्तर लगातार बढ़ने के कारण प्रशासन ने दियारा क्षेत्र में मौजूद लोगों और पशुपालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.
सोन नदी के जलस्तर पर प्रशासन की नजर
एसडीओ अमित राजन ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर सभी को सुरक्षित निकाल लिया है. उन्होंने कहा कि फिलहाल दाउदनगर क्षेत्र में जान-माल की क्षति की कोई सूचना नहीं है. जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की गयी है.
Also Read : राज्यपाल से औरंगाबाद के छात्र नेता आदित्य सिंह की शिष्टाचार मुलाकात, मगध के विकास और शिक्षा पर हुई चर्चा
सीओ और बीडीओ ने लिया सोन दियारा का जायजा
चरवाहों और भेड़ों के फंसे होने की सूचना मिलने के बाद सीओ सतीश कुमार सिंह भी अंछा पहुंचे और सोन दियारा क्षेत्र का जायजा लिया. उन्होंने मौके पर स्थिति का निरीक्षण किया. सीओ ने कहा कि सोन नदी के जलस्तर और तटीय इलाकों की स्थिति पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है.
वहीं, बीडीओ मो. जफर इमाम ने भी सोनतटीय इलाकों का जायजा लिया. प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि जलस्तर में और वृद्धि होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाये जा सकें.
दियारा क्षेत्र में नहीं जाने की अपील
प्रशासन ने ग्रामीणों और किसानों से अपील की है कि वे बढ़ते जलस्तर को देखते हुए दियारा क्षेत्र में जाने से बचें. किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है.
Also Read : औरंगाबाद में 90 प्रतिशत से अधिक धान की रोपनी पूरी, पांच प्रखंडों ने हासिल किया शत-प्रतिशत लक्ष्य
