ओबरा प्रखंड के सरसौली पंचायत अंतर्गत कुर्मी गांव में खेल मैदान नहीं होने के कारण खेल प्रेमियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव में युवाओं के मनोरंजन के लिए किसी तरह की व्यवस्था नहीं है.युवा खाली पड़ी जमीन पर ही फुटबॉल और वॉलीबॉल खेलने को मजबूर हैं. जबकि गांव के दक्षिण तरफ पर्याप्त मात्रा में सरकारी जमीन उपलब्ध है, फिर भी स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासन द्वारा खेल मैदान की व्यवस्था नहीं कराया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है.
सरकार द्वारा प्रत्येक पंचायत में करोड़ों रुपये की लागत से खेल की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, लेकिन कुर्मी गांव के युवा इसके लाभ से वंचित हैं.
खेल प्रेमी डॉ. शिशु कुमार, कृष्ण कुमार, मिट्ठू कुमार, गुलशन कुमार, निखिल कुमार, रिशु कुमार, लड्डू सिंह, पीयूष सिंह, आदित्य पांडेय, गुंजन कुमार, मंजीत कुमार सहित दर्जनों युवाओं का कहना है कि पंचायत मुख्यालय की दूरी गांव से लगभग पांच किलोमीटर है, जहां रोज जाना संभव नहीं है. गांव में स्थित विद्यालय में भी खिलाड़ियों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है.
खेल प्रेमियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि सांसद, विधायक और स्थानीय मुखिया इस मामले में पूरी तरह उदासीन हैं, जिसके कारण युवाओं का मनोबल गिर रहा है.युवा वर्ग ने स्थानीय विधायक से ध्यान आकृष्ट कराते हुए गांव में जल्द खेल मैदान और संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है.
