प्रेम विवाह के 18 दिन बाद नवविवाहिता की मौत, हत्या की आशंका

ससुराल वाले बहू बनाने से कर रहे थे इंकार

ससुराल वाले बहू बनाने से कर रहे थे इंकार

प्रतिनिधि, औरंगाबाद/रफीगंज.

रफीगंज प्रखंड के पौथु थाना क्षेत्र के रामपुर परसिया गांव में प्रेम विवाह के महज 18 दिन बाद एक नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है. मृतका की पहचान उक्त गांव निवासी विनोद यादव के पुत्र राकेश कुमार की पत्नी सुषमा कुमारी के रूप में हुई है. वैसे मृतका की उम्र लगभग 15 वर्ष बतायी जा रही है. घटना बुधवार की देर रात की है. गुरुवार की दोपहर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के पिता गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के कोंच दौलतपुर टोले बरियावां गांव निवासी संजय कुमार ने बताया कि 20 अप्रैल को रामपुर परसिया गांव के विनोद यादव के पुत्र राकेश कुमार से सुषमा की शादी हुई थी. हालांकि, शादी के बाद ससुराल वाले सुषमा को बहू के रूप में अपनाने को तैयार नहीं थे. इसके बाद 27 अप्रैल को रफीगंज थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर बॉन्ड बनवाया गया था. इसके बावजूद ससुराल वाले अपने वादे से मुकर गये. बुधवार को मृतका के मायका बरियावां गांव में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था और उसी रात सुषमा की मौत की खबर मिली.

लड़के का ननिहाल लड़की के घर में बगल में था

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राकेश का ननिहाल बरियावां में ही था. राकेश के नाना का घर और सुषमा का घर आसपास में ही था. अक्सर राकेश अपने ननिहाल आते-जाते रहता था. ननिहाल में ही दोनों की मुलाकात हुई. दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे. धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम परवान चढ़ने लगा. कुछ दिन बाद जब सुषमा ने राकेश पर शादी के लिए दबाव बनाने लगी तो राकेश ने उसकी मांग में सिंदूर भर दिया और इसका वीडियो भी बना लिया. जब इसकी जानकारी सुषमा के परिजनों को हुई तो शादी के लिए राकेश पर दबाव बनाने लगे. शादी हो जाने के बाद भी ससुराल वाले सुषमा को बहू के रूप में अपनाने को तैयार नहीं थे. दोनों पक्षों के बीच समझौता और थाना में बॉन्ड बनने के बाद सुषमा को ससुराल लाया गया और 18 दिन बाद उसकी हत्या कर दी गयी.

ससुराल वालों की तरफ से दहेज में मोटी रकम की हो रही थी डिमांड

मृतका के पिता संजय ने बताया कि लड़के पक्ष वाले पहले शादी के लिए तैयार नहीं थे. बाद में रजा मंदी हुई और दोनों की शादी हो गई तो पांच दिन बाद ससुराल वालों द्वारा दहेज स्वरूप 10 लाख नकद रुपये, एक बुलेट बाइक और सोने की चेन की डिमांड की जा रही थी. डिमांड पूरी नहीं करने पर ससुराल वाले सुषमा को प्रताड़ित कर रहे थे. मृतका के पिता संजय ने बताया कि बुधवार की देर रात करीब डेढ़ बजे पौथु थाना की पुलिस द्वारा घटना की जानकारी मिली कि सुषमा की मौत हो गयी है. पुलिस द्वारा सूचना मिलने के बाद जब सुषमा के ससुराल रामपुर परसिया गांव पहुंचा तो उसके घर में उसका शव नहीं मिला. पता चला कि पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिये है. हालांकि, सूचना पर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली. इसके बाद पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. थाने में मृतका के पिता संजय कुमार द्वारा दिये गये आवेदन में रामपुर परसिया गांव निवासी मृतका का पति राकेश कुमार, राकेश के माता-पिता, भाई-भाभी, रिश्तेदार मामा-मामी सहित नौ लोगों को नामजद आरोपित बनाया है. पौथु थानाध्यक्ष सोमेश्वर ने बताया कि रामपुर परसिया गांव में एक नवविवाहिता की हत्या हुई है. परिजनों द्वारा आवेदन भी प्राप्त हुआ है. प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >