औरंगाबाद में शिक्षिका से लूट की कोशिश, शोर मचाते ही भागे नकाबपोश बदमाश, थैला और स्कूटी की चाबी लेकर फरार

औरंगाबाद के अंबा थाना क्षेत्र में स्कूल से लौट रही शिक्षिका को नकाबपोश बदमाशों ने घेरा और उनका थैला लूटकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

औरंगाबाद के कुटुंबा देव प्रखंड के पांडे बिगहा विद्यालय से पढ़ाकर घर लौट रही शिक्षिका के साथ मंगलवार की शाम नकाबपोश बदमाशों ने लूटपाट का प्रयास किया. देव-अंबा मुख्य सड़क से सिमरा रोड की ओर मुड़ते ही बदमाशों ने शिक्षिका को रोक लिया और उनकी स्कूटी लूटने की कोशिश की. हालांकि, शिक्षिका के शोर मचाने के बाद बदमाश स्कूटी लेकर भागने में सफल नहीं हो सके.

बदमाश जाते-जाते शिक्षिका का थैला और स्कूटी की चाबी अपने साथ ले गए. थैले में करीब ढाई हजार रुपये नकद और जरूरी कागजात रखे हुए थे. घटना के बाद शिक्षिका ने अंबा थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

सड़क पर रोककर छीनी स्कूटी की चाबी

अंबा थाना क्षेत्र के परता गांव निवासी शिक्षिका खुशबू राय मंगलवार की शाम विद्यालय से स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं. देव-अंबा मुख्य सड़क से वह जैसे ही सिमरा रोड की ओर मुड़ीं, रास्ते में एक नकाबपोश युवक ने उन्हें रुकने का इशारा किया.

शिक्षिका के अनुसार, कुछ दूरी पर एक अन्य नकाबपोश युवक भी मौजूद था. सड़क पर रोकने वाले बदमाश के हाथ में हथियार था. शिक्षिका के रुकते ही उसने स्कूटी की चाबी छीन ली.

इसी बीच दूसरा बदमाश भी बाइक से वहां पहुंच गया. दोनों ने शिक्षिका को घेर लिया और स्कूटी लेकर भागने की कोशिश करने लगे.

शिक्षिका ने शोर मचाया तो घबराकर भागे

बदमाशों को स्कूटी ले जाने की कोशिश करते देख शिक्षिका ने हिम्मत दिखाई और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने की भनक बदमाशों को लग गई.

ग्रामीणों के पहुंचने की आशंका से दोनों बदमाश घबरा गए और बाइक से वहां से भाग निकले. हालांकि, भागने से पहले वे शिक्षिका का थैला और स्कूटी की चाबी अपने साथ ले गए.

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शिक्षिका से पूरी जानकारी ली. सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली.

बदमाशों की पहचान में जुटी पुलिस

शिक्षिका की ओर से अंबा थाना में आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. पुलिस बदमाशों की पहचान करने के साथ उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है.

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. रास्ते से आने-जाने वाले लोगों, खासकर महिलाओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुजीत कुमार सिंह

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >