कटर मशीन से ताला काटकर पूर्व उप प्रमुख के घर से उड़ाये 90 लाख की संपत्ति चोरी

अंबा में बड़ी वारदात: पटना गये थे परिजन, पीछे के दरवाजे से दाखिल हुए अपराधी

अंबा में बड़ी वारदात: पटना गये थे परिजन, पीछे के दरवाजे से दाखिल हुए अपराधी

मुख्य चौक के पास ताला तोड़कर 12 लाख नकद व 400 ग्राम सोना पार

मोबाइल टावर लोकेशन और सीसीटीवी से जांच शुरू

भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष और पूर्व उप प्रमुख के घर को चोरों ने बनाया निशाना

फोटो नंबर-14- चोरी के बाद घर में बिखरा हुआ सामान14ए- टूटा हुआ दरवाजा.

प्रतिनिधि, अंबा

कुटुंबा प्रखंड के अंबा बाजार स्थित मुख्य चौक के समीप चोरों ने एक बड़ी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है. भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह व कुटुंबा की पूर्व उप प्रमुख गीता सिंह के बंद आवास को निशाना बनाते हुए चोरों ने तकरीबन 12 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में कीमती आभूषण समेत 90 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. घटना की जानकारी तब हुई जब बुधवार की रात परिवार पटना से वापस लौटा और घर का सारा सामान बिखरा पाया. गृह स्वामी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वे 13 अप्रैल को अपनी पत्नी गीता देवी के साथ बेटे से मिलने पटना गये थे. घर बंद रहने और परिवार की अनुपस्थिति का लाभ उठाकर चोरों ने इस बड़ी घटना को अंजाम दिया. बुधवार की रात जब वे वापस लौटे, तो मुख्य द्वार का ताला तो लगा हुआ था, लेकिन घर के अंदर जाने पर सारा मंजर बदला हुआ था. आनन-फानन में इसकी सूचना अंबा थाने की पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

सुनियोजित तरीके से पीछे के रास्ते घुसे चोर

चोरों ने घटना को बेहद शातिर और सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया है. पकड़े जाने के डर से अपराधियों ने मुख्य गेट के दरवाजे को ज्यों का त्यों छोड़ दिया और मकान के पीछे वाले गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए. श्री सिंह के अनुसार, जब वे घर के पीछे पहुंचे तो वहां का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गये. घर के अंदर एक विशेष कमरे का भी ताला टूटा हुआ मिला, जहां कीमती सामान रखा था. चोरों ने अलमारी को कटर मशीन से काटकर उसमें रखे गहनों और नकदी पर हाथ साफ किया. प्रारंभिक आकलन के अनुसार, लगभग 400 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत 70 से 80 लाख रुपये के बीच है, और 12 लाख रुपये नकद गायब हैं.

चुनिंदा कमरों को बनाया निशाना, गायब हुए जेवरात

चोरों ने घर के सभी कमरों में तोड़फोड़ करने के बजाय केवल उसी कमरे को निशाना बनाया जहां कीमती सामग्री रखी थी. गायब हुए सामानों की सूची में एक भारी सोने का हार, 20 से 25 सेट कान की बाली, छह अंगूठियां, चार सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, दो कंगन और छह जोड़ी चांदी की पायल शामिल हैं. चोरों की कार्यशैली से प्रतीत होता है कि उन्हें घर की भौगोलिक स्थिति और कीमती सामान रखे जाने के स्थान की पहले से जानकारी थी.

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

यह घटना अंबा मुख्य चौक के पास सघन आबादी वाले क्षेत्र में हुई है, जहां दिन-रात लोगों की आवाजाही रहती है और पुलिस की गश्ती गाड़ी भी तैनात रहती है. इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी ने स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. बाजार के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद गहरा रोष है. लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में ऐसी वारदात सुरक्षा में बड़ी चूक को दर्शाती है.

डॉग स्क्वाड और सीसीटीवी का लिया जा रहा सहारा

अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले में एफआइआर दर्ज कर विधि सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों और बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. जांच को और पुख्ता करने के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और आरोपित व्यक्तियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर चोरी गयी संपत्ति बरामद कर ली जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >