औरंगाबाद के कुटुंबा थाना क्षेत्र के महराजगंज बाजार स्थित पाठक मार्केट में छेड़छाड़ का विरोध करने पर व्यवसायी और उसके पुत्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना के दौरान व्यवसायी के बेटे अंकित को एक युवक ने दांत से काटकर घायल कर दिया. मारपीट के बाद दोनों युवक देख लेने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक बाइक से स्टेशनरी सामग्री खरीदने के बहाने पाठक मार्केट पहुंचे थे. आरोप है कि दोनों कागज के एक टुकड़े पर मोबाइल नंबर लिखकर एक बालिका को जबरन देने का प्रयास कर रहे थे. बालिका ने इसका विरोध किया, जिसके बाद वहां शोरगुल होने लगा.
शोर सुनकर मार्केट मालिक विजय पाठक और उनके परिजन मौके पर पहुंचे. उन्होंने युवकों की इस हरकत का विरोध किया. इसी बात को लेकर दोनों युवक विजय पाठक और उनके पुत्र अंकित से उलझ गए. देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया.
हाथापाई के दौरान युवक ने दांत से काटा
मारपीट के दौरान एक युवक ने अंकित को दांत से काटकर जख्मी कर दिया. इसके बाद दोनों युवक देख लेने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए. घटना के बीच बालिका भी मौके से चली गई.
घटना से आहत व्यवसायी विजय पाठक ने कुटुंबा थाने में लिखित आवेदन देकर मामले में दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने पुलिस को कागज पर लिखा हुआ एक मोबाइल नंबर भी सौंपा है. साथ ही मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान करने का आग्रह किया है.
सूचना मिलने के बाद डायल 112 के पदाधिकारी चंदन पासवान मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा.
कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि घटना को लेकर लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
