उद्घाटन करते विधायक डॉ प्रकाशचंद्र एवं अन्य | Prabhat Khabar Network

दाउदनगर में 270 विद्यार्थियों की हुई स्वास्थ्य जांच, स्कूलों में नियमित परीक्षण से समय पर मिलेगी बीमारी की जानकारी

भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी ने औरंगाबाद में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया. 270 माध्यमिक और उच्च माध्यमिक छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. शिविर में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए.

भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी एवं जूनियर रेड क्रॉस, औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान में माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर के छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में चिकित्सकीय टीम ने 270 छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए.

उद्घाटन और विधायक का संबोधन

कार्यक्रम का उद्घाटन ओबरा विधायक प्रकाश चंद्र, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक शिक्षा संतोष कुमार, बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सारंगधर सिंह, पूर्व अध्यक्ष हजारी सिंह, बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता, राज्य कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र कुमार, राष्ट्रीय इंटर विद्यालय दाउदनगर के प्रधानाध्यापक डॉ. सैयद अहमद ताहिर सैफुल्लाह तथा जूनियर रेड क्रॉस कार्यकारिणी सदस्य राजीव कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए विधायक प्रकाश चंद्रा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में बेहतर स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका है. स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है.

उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होने से संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान की जा सकती है और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा सकता है. विधायक ने जूनियर रेड क्रॉस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने के लिए जिला पदाधिकारी से समन्वय किया जाएगा.

270 विद्यार्थियों की हुई स्वास्थ्य जांच

दाउदनगर पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनमोल कुमार के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की. जांच के बाद स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर आवश्यक परामर्श और सुझाव दिए गए.

विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छ पेयजल के उपयोग और संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई. स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए भी प्रेरित किया गया.

वक्ताओं के विचार और जूनियर रेड क्रॉस के उद्देश्य

पूर्व अध्यक्ष हजारी सिंह एवं राज्य कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र कुमार ने जूनियर रेड क्रॉस की गतिविधियों की सराहना की. वक्ताओं ने कहा कि विद्यालयों में स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल है.

इससे बच्चों में अपने स्वास्थ्य के साथ परिवार और समाज के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है.

जूनियर रेड क्रॉस के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में सेवा, स्वास्थ्य, मानवीय मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देना है. इसी उद्देश्य से विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर स्वास्थ्य जांच, जागरूकता कार्यक्रम और प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं.

मंच संचालन और अन्य गणमान्य उपस्थित

मंच संचालन शिक्षक उदय कुमार ने किया. मौके पर अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार, शिक्षक जीतेंद्र कुमार, रविरंजन, अरशद हुसैन, कुंदन कुमार, मनोज कुमार, सुबोध कुमार, अमित कुमार मिश्र, सुरेखा कुमारी, पुष्पा कुमारी, खुश्बू कुमारी एवं अंजुम साकिब समेत अन्य उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ओमप्रकाश

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >