औरंगाबाद के गोह में हादसा, खेत के गड्ढे में डूबने से नानी और 3 वर्षीय नाती की मौत

औरंगाबाद के गोह में खेत के गहरे गड्ढे में डूबने से नानी और मासूम नाती की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र के बहुरिया वर्मा गांव में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ. खेत में बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से नानी और उनके तीन वर्षीय मासूम नाती की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया.

मृतकों की पहचान बहुरिया वर्मा गांव निवासी विजय पासवान की 48 वर्षीय पत्नी बेनी देवी और उनके तीन वर्षीय नाती शिवांश कुमार के रूप में हुई है. हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए.

ननिहाल में छुट्टी बिताने आया था मासूम शिवांश

मृतक शिवांश कुमार अरवल जिले के महेंदिया थाना क्षेत्र के सोहसा गांव निवासी सोनू कुमार का पुत्र था. वह कुछ दिन पहले ही अपनी नानी के घर बहुरिया वर्मा आया था. परिजनों के अनुसार, शनिवार की शाम करीब चार बजे बेनी देवी अपने नाती शिवांश को लेकर घर के पास स्थित खेत की ओर गई थीं.

पैर फिसलने से गड्ढे में गिरी नानी, बचाने के प्रयास में नाती भी डूबा

बताया जा रहा है कि खेत में जेसीबी मशीन से पहले ही गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें बारिश का पानी भर गया था. इसी दौरान बेनी देवी का पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गईं. अपनी नानी को डूबते देखकर मासूम शिवांश भी गड्ढे के किनारे पहुंच गया और संतुलन बिगड़ने से वह भी पानी में गिर गया.

गड्ढा काफी गहरा होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके और दम घुटने से उनकी मौत हो गई.

कपड़े और चप्पल देखकर ग्रामीणों को हुई अनहोनी की आशंका

जब काफी देर तक बेनी देवी और शिवांश घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की. खेत के पास पानी भरे गड्ढे में कपड़े और चप्पल दिखाई देने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई.

ग्रामीणों की मदद से गड्ढे में खोजबीन की गई, जिसके बाद दोनों के शव बाहर निकाले गए. शव मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई. मृतका के पति विजय पासवान और मासूम के पिता सोनू कुमार सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने के बाद गोह थानाध्यक्ष राजीव कुमार पुलिस बल के साथ बहुरिया वर्मा गांव पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया.

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. परिजनों के बयान और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

सुरक्षा इंतजाम नहीं होने पर ग्रामीणों में आक्रोश

हादसे के बाद ग्रामीणों में खेत में खोदे गए गड्ढे को लेकर नाराजगी देखी जा रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि जेसीबी से कई फीट गहरा गड्ढा तो खोद दिया गया, लेकिन सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई.

ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढे के चारों ओर न तो घेराबंदी की गई थी और न ही खतरे से संबंधित कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था. यदि सुरक्षा व्यवस्था होती तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था.

मुआवजा और कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manikant pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >