Aurangabad News : दाउदनगर के गया जी रोड स्थित लाला अमौना खेल मैदान में ग्राम रक्षा दल के सदस्यों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने किया. इस अवसर पर उन्होंने ग्राम रक्षा दल के सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की.
विधायक ने सतर्क रहने की दी सलाह
विधायक ने कहा कि ग्राम रक्षा दल के सदस्य गांवों के बीच रहकर कार्य करते हैं और उन्हें अपने क्षेत्र की गतिविधियों की बेहतर जानकारी रहती है. ऐसे में वे गांव की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. उन्होंने कहा कि यदि कहीं शराब, जुआ, चोरी, मारपीट, अवैध गतिविधि अथवा किसी अन्य प्रकार का गलत कार्य हो रहा हो, तो इसकी सूचना समय पर प्रशासन तक पहुंचाएं.
समय पर सूचना देने पर जोर
उन्होंने कहा कि छोटी-सी सूचना भी कई बार किसी बड़ी घटना को रोकने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है. इसलिए ग्राम रक्षा दल के सदस्य पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर स्वयं कार्रवाई करने के बजाय इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें.
एक महीने तक चलेगा प्रशिक्षण
आयोजकों ने बताया कि ग्राम रक्षा दल के सदस्यों को एक महीने तक प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सुरक्षा, सतर्कता और अपने दायित्वों से संबंधित आवश्यक जानकारी दी जाएगी. कार्यक्रम में ग्राम रक्षा दल के सदस्य एवं अन्य लोग मौजूद रहे.
