औरंगाबाद में अभियंता दिवस पर सैकड़ों इंजीनियर जुटे, अधिकारियों-कर्मियों ने खुलकर रखीं कामकाज की समस्याएं

औरंगाबाद में अभियंता दिवस समारोह का आयोजन जिला अभियंता संघ द्वारा किया गया. इस दौरान विभिन्न विभागों के सैकड़ों इंजीनियरों ने अपनी कार्यस्थल की व्यावहारिक कठिनाइयों और विभागीय समस्याओं को साझा किया.

औरंगाबाद के सम्राट अशोक भवन, ब्लॉक मोड़ में मंगलवार को जिला अभियंता संघ, औरंगाबाद के तत्वावधान में अभियंता दिवस समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में जिले के विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता समेत सैकड़ों इंजीनियर शामिल हुए. तकनीकी क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों और अभियंताओं की मौजूदगी में कार्यक्रम में कामकाज की चुनौतियों, विभागीय जिम्मेदारियों और अभियंताओं की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई.

डीडीसी ने किया समारोह का उद्घाटन

कार्यक्रम की शुरूआत भारत के महान अभियंता व भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया जी को नमन के पश्चात दीप प्रज्वलन से हुई. समारोह का उद्घाटन उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, मुख्य अभियंता ई अर्जुन प्रसाद सिंह, आईएएस मोनिका श्रीवास्तव, एसडीएम गौरव सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया.

इस मौके पर अभियंताओं को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना की. कहा कि विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में अभियंताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. सड़क, भवन, सिंचाई, जल संसाधन समेत विभिन्न क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए तकनीकी दक्षता के साथ जिम्मेदारी और पारदर्शिता जरूरी है.

अभियंताओं ने खुलकर रखीं अपनी समस्याएं

समारोह के दौरान इंजीनियरों को अपनी बात रखने का भी अवसर मिला. विभिन्न विभागों से आए अभियंताओं ने कार्यस्थल पर आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और विभागीय समस्याओं को बेबाकी से रखा. अभियंताओं ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. इन समस्याओं के समाधान से काम की गति और गुणवत्ता दोनों को बेहतर किया जा सकता है.

अधिकारियों ने किया सपोर्ट

अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए अभियंताओं के दायित्व और कार्यों की महत्ता पर प्रकाश डाला. उन्होंने बेहतर समन्वय के साथ योजनाओं को पूरा करने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया. वहीं ई मोनिका श्रीवास्तव, आईएएस ने भी अभियंताओं को संबोधित किया.

उन्होंने तकनीकी क्षेत्र में जिम्मेदारी, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और सकारात्मक दृष्टिकोण को महत्वपूर्ण बताया. श्री सीमेंट के जीएम ई अतुल शर्मा ने भी अपने विचार रखे और अभियंताओं के तकनीकी योगदान की चर्चा की.

कार्यक्रम में उपस्थित अभियंता | Prabhat Khabar Network

सम्मान और जिम्मेदारी का मिला संदेश

समारोह में जिला अभियंता संघ के अध्यक्ष ई सुबोध कुमार सिंह, उपाध्यक्ष ई नारायण सिंह, उप सचिव ई गौतम कुमार, कोषाध्यक्ष ई शैलेन्द्र कुमार सिंह, उप कोषाध्यक्ष ई कुंदन कुमार एवं सचिव ई अरुण कुमार सिंह के अलावे एमआरटी के कार्यपालक अभियंता अमित कुमार, पीएचईडी के मुकेश कुमार, अभियंता विजय कुमार आदि मौजूद थे. अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष ई सुबोध कुमार सिंह ने तमाम अभियंताओं से आपसी समन्वय और संगठन की मजबूती के साथ तकनीकी कार्यों को और बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने का आह्वान किया. कार्यक्रम का संचालन जाने-माने उदघोषक मो अजहर ने किया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुजीत कुमार सिंह

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >