पीएनबी से थाना चौक तक पहुंचने में लग रहे घंटे, खरीदार और दुकानदार दोनों परेशान
प्रतिनिधि, गोह .शादी-ब्याह के व्यस्त सीजन में जहां बाजारों में रौनक बढ़नी चाहिए, वहीं गोह बाजार भीषण जाम और अव्यवस्था से जूझ रहा है. हालात ऐसे हैं कि पीएनबी बैंक से थाना चौक तक की थोड़ी दूरी तय करने में लोगों को घंटों लग रहे हैं. प्रशासनिक सुस्ती और अतिक्रमणकारियों की मनमानी के बीच आम लोग, व्यापारी और ग्राहक सभी परेशान है. लग्न के मौसम में आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए गोह बाजार पहुंच रहे हैं, लेकिन शहर में प्रवेश करते ही उन्हें जाम का सामना करना पड़ता है.
व्यवसायियों को हो रहा नुकसान
स्थिति यह है कि जो लोग कुछ घंटों में खरीदारी पूरी करने आते हैं, उनका पूरा दिन जाम में ही निकल जाता है. कई ग्राहक बिना जरूरी सामान खरीदे ही लौटने को मजबूर हो रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है. शहर की प्रमुख सड़कें उपहरा रोड, रफीगंज रोड, गयाजी रोड और दाउदनगर रोड अवैध पार्किंग और ऑटो स्टैंड में तब्दील हो चुकी हैं. ऑटो चालक सवारी बैठाने की होड़ में वाहन सड़क के बीच खड़ा कर देते हैं, जिससे सड़कें संकरी हो जाती हैं और आवागमन बाधित होता है. कई जगह पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है और आपातकालीन वाहनों को भी रास्ता नहीं मिल पा रहा है.
सड़क की पटरियों पर कब्जा
फुटपाथी दुकानदारों और सब्जी-फल विक्रेताओं ने भी सड़क की पटरियों पर कब्जा जमा लिया है. दुकानों का सामान सड़क तक फैल जाने से सड़क की चौड़ाई और कम हो जाती है, जिससे जाम और गंभीर हो जाता है. स्थानीय प्रशासन और पुलिस समय-समय पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाते हैं, लेकिन इसका असर कुछ दिनों तक ही दिखता है. निगरानी कम होते ही अतिक्रमण फिर लौट आता है.
स्थायी समाधान का अभाव
स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि प्रशासनिक कार्रवाई स्थायी नहीं होने से समस्या बनी हुई है. शहर में अधिकृत ऑटो स्टैंड नहीं होने के कारण सड़कों पर ही वाहनों का जमावड़ा लग जाता है. वहीं बैंक और थाना के आसपास बेतरतीब पार्किंग भी जाम को बढ़ा रही है. नगर निकाय की निष्क्रियता और ठोस योजना के अभाव में स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है. स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मांग है कि शहर के बाहर स्थायी टेंपो स्टैंड बनाया जाए, मुख्य बाजार में नियमित पुलिस बल की तैनाती हो, सीसीटीवी से निगरानी बढ़ाई जाए और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाये. उनका कहना है कि जब तक स्थायी कदम नहीं उठाये जाते, तब तक गोह बाजार को जाम से राहत मिलना मुश्किल है.
