नोआं लाइब्रेरी में संसाधन बढ़ाने की मांग, छात्रों ने बीडीओ से लगाई गुहार

ओबरा के नोआं गांव के छात्रों ने लाइब्रेरी में सुविधाओं की कमी को लेकर बीडीओ से गुहार लगाई है. छात्रों ने अनियमितता की जांच और बेहतर व्यवस्था की मांग की है.

ओबरा प्रखंड के डिहरी पंचायत अंतर्गत नोआं गांव के छात्र-छात्राओं ने पंचायत स्थित मध्य विद्यालय नोआं में संचालित लाइब्रेरी में संसाधन बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ मनोज कुमार से गुहार लगाई. इस संबंध में छात्रों ने बीडीओ को अपनी मांगों से संबंधित एक मांग पत्र भी सौंपा.

छात्रों का कहना है कि वर्ष 2023-24 में सरकार के स्तर से लाइब्रेरी खोलने की घोषणा की गई थी, लेकिन 10 दिन पहले ही पंचायत के मुखिया द्वारा लाइब्रेरी खोली गई है, जहां संसाधनों की घोर कमी है.

छात्रों ने मांग की है कि पंचायत के क्षेत्रफल को देखते हुए लाइब्रेरी में अतिरिक्त 50 से 60 सीटें उपलब्ध कराई जाएं. प्रत्येक सीट पर लाइट और मोबाइल चार्जिंग बोर्ड, वाई-फाई, इनवर्टर, गर्मी को देखते हुए एसी एवं दीवार पंखा, शुद्ध पेयजल और प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं ताकि अध्ययन में सहूलियत हो.

छात्रों ने यह भी मांग की कि लाइब्रेरी सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे खुली रहे और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं.

छात्रों ने आरोप लगाया कि उक्त कार्य मुखिया द्वारा छठी वित्त योजना के तहत कराया गया है, जिसमें अनियमितता बरती गई है.लगभग पांच लाख रुपये की लागत वाली इस योजना की जांच संबंधित विभाग के पदाधिकारियों से कराने की मांग की है. छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे.

मांग करने वालों में नीतीश कुमार, राहुल कुमार, सनी कुमार, प्रिंस कुमार, बंटी कुमार, गोपी कुमार, मंटू कुमार, अविनाश कुमार, प्रशांत कुमार, सोनू कुमार सहित अन्य छात्र शामिल थे.

इधर, प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि छात्रों द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसकी गंभीरतापूर्वक जांच कराई जाएगी.

वहीं, इस संबंध में पंचायत के मुखिया दिलीप पासवान ने बताया कि एस्टीमेट के अनुरूप ही लाइब्रेरी का कार्य कराया गया है. छात्रों द्वारा लगाया जा रहा आरोप बेबुनियाद है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ब्रजेश द्विवेदी

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >