प्रखंड कार्यालय के समीप वारदात, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रतिनिधि, औरंगाबाद कार्यालयऔरंगाबाद शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे प्रखंड कार्यालय के समीप बाइक सवार उचक्कों ने कृषि विभाग की लिपिक माधुरी कुमारी के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मिली जानकारी के अनुसार, माधुरी कुमारी शहर के बाईपास क्षेत्र की रहने वाली हैं और प्रतिदिन की तरह गुरुवार सुबह अपने कार्यालय जा रही थीं. इसी दौरान प्रखंड कार्यालय के पास पैदल जाते समय बाइक पर सवार दो अपराधी उनके करीब पहुंचे. जब तक वह कुछ समझ पातीं, पीछे बैठे अपराधी ने उनके गले से चेन झपट ली. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गये. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे. दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत है. लोगों का कहना है कि शहर में लगातार छिनतई और झपटमारी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे है. पीड़िता ने नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गयी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि माधुरी कुमारी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.प्रखंड कार्यालय के पास दिनदहाड़े चेन झपट्टा, कृषि विभाग की लिपिक बनीं शिकार
प्रखंड कार्यालय के समीप वारदात, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
