फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार और जवाबदेह पुलिसिंग पर विशेष जोर

लंबित कांडों की समीक्षा कर एसपी ने दिये त्वरित निबटारे के निर्देश

लंबित कांडों की समीक्षा कर एसपी ने दिये त्वरित निबटारे के निर्देश प्रतिनिधि, दाउदनगर. औरंगाबाद पुलिस प्रशासन ने स्मार्ट पुलिसिंग और बेहतर कानून-व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है. इसी कड़ी में एसपी अंबरीश राहुल ने दाउदनगर अंचल के थानों में लंबित कांडों की व्यापक समीक्षा की. पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आयोजित यह विशेष समीक्षा बैठक बुधवार को दाउदनगर थाना परिसर में हुई, जो देर रात तक चली. समीक्षा के दौरान एसपी ने लंबित मामलों के शीघ्र निबटारा, अनुसंधान की गति तेज करने और अपराध नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाने को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिये. उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता को त्वरित न्याय और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. अनुसंधान कार्य में लापरवाही या अनावश्यक विलंब किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जायेगा. दाउदनगर थाना के निरीक्षण के बाद एसपी अंबरीश राहुल ने इस थाना को विशेष निगरानी के तहत गोद लिया है. इसका उद्देश्य थाना स्तर पर पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनहितैषी बनाना है. एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक लंबित मामले की नियमित मॉनीटरिंग की जाये और गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. समीक्षा के दौरान विभिन्न थानों में दर्ज मामलों की प्रगति, अनुसंधान की स्थिति, गिरफ्तारी अभियान तथा वारंट निबटारा की भी विस्तार से समीक्षा की गयी. मौके पर दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास, पुलिस इंस्पेक्टर जीतेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष विकास कुमार सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे. एसपी ने कहा कि स्मार्ट पुलिसिंग केवल तकनीक तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य जनता के बीच विश्वास कायम करना और पुलिस व्यवस्था को अधिक संवेदनशील एवं प्रभावी बनाना है. उन्होंने अधिकारियों को फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार करने तथा शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >