शिक्षक सम्मान समारोह को लेकर औरंगाबाद के कुटुम्बा में बैठक, विद्यालय संचालकों को सौंपी गयी जिम्मेदारी

10 सितंबर को प्रस्तावित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह के लिए तैयारियां ज़ोरों पर हैं. कुटुम्बा में हुई बैठक में विद्यालय प्रबंधकों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गईं. समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित शिक्षकों को सम्मानित करना है.

Teacher Award Ceremony: प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले 10 सितंबर को प्रस्तावित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. समारोह को सफल बनाने के लिए एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी के साथ विभिन्न प्रखंड इकाइयों की ओर से बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है. इसी क्रम में कुटुम्बा प्रखंड इकाई की बैठक प्रोग्रेसिव शिक्षण संस्थान में हुई. बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार ने की, जबकि संचालन प्रोग्रेसिव शिक्षण संस्थान के संस्थापक वेद प्रकाश तिवारी ने किया.

बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गयी और सभी विद्यालय प्रबंधकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गयीं. विद्यालय प्रतिनिधियों ने जिम्मेदारियों को सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह की सफलता के बाद इस वर्ष आयोजन को लेकर अपेक्षाएं और बढ़ गयी हैं. इस बार समारोह को और भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विद्यालयों की ओर से पूरी तत्परता के साथ काम किया जायेगा.

समर्पित शिक्षकों को सम्मानित करना उद्देश्य

एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष हरेश प्रसाद सिन्हा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है. शिक्षक समाज के नेतृत्वकर्ता और पथ प्रदर्शक होते हैं. समाज को शिक्षित और संस्कारित बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है. शिक्षकों के कंधों पर नयी पीढ़ी को दिशा देने के साथ-साथ समाज सुधार की भी बड़ी जिम्मेदारी होती है. ऐसे आयोजनों के माध्यम से उनके योगदान को सम्मान देने के साथ उनका उत्साहवर्धन भी होता है.

एक हजार से अधिक शिक्षकों का रजिस्ट्रेशन

एसोसिएशन के जिला महासचिव सत्येंद्र नारायण ने बताया कि शिक्षक सम्मान समारोह को लेकर जिले के सभी प्रखंडों से उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है. समारोह में शामिल होने के लिए अब तक एक हजार से अधिक शिक्षकों का रजिस्ट्रेशन पूरा हो चुका है. आने वाले दिनों में रजिस्ट्रेशन की संख्या और बढ़ने की संभावना है.

पंचायती राज मंत्री होंगे मुख्य अतिथि

जिला सचिव बीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रस्तावित समारोह में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश मुख्य अतिथि होंगे. इसके साथ ही एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद शमायल अहमद के अलावा उच्चस्तरीय प्रशासनिक पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी समेत कई गणमान्य लोगों के शामिल होने की सहमति मिली है.

बैठक में प्रखंड संरक्षक बैजनाथ मेहता, संरक्षक डीके पांडेय, सचिव दिनेश प्रसाद, मीडिया प्रभारी संजय कुमार, कोषाध्यक्ष बीरेंद्र कुमार सिंह, सच्चिदानंद पब्लिक स्कूल के निदेशक धनेश कुमार, आर्यभट पब्लिक स्कूल के निदेशक विनय कुमार मेहता, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल सिमरा के निदेशक धनंजय कुमार, शिवम पब्लिक स्कूल के संस्थापक कुमार बिजेंद्र, देव वैली ग्लोबल स्कूल के प्राचार्य एनके सिंह, सतीश कुमार मिश्रा, उदयन पब्लिक स्कूल के निदेशक नीरज पांडेय, अडानी इंटरनेशनल स्कूल के धीरेंद्र कुमार सिंह, सनराइज इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक सुरेश कुमार दुबे, ज्ञानदीप सक्सेस अकादमी के सचिव विनोद मेहता, अजय कुमार, प्रोग्रेसिव शिक्षण संस्थान से शिवम कुमार, रोहित कुमार आदि मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें: Watch Video: 8 कमरों का घर, फिर भी छत पर जिंदगी! पटना में बाढ़ की भयावह तस्वीर, जानिए Ground Reality

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंबुज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >