औरंगाबाद में तूफान का कहर: जड़ से उखड़े दर्जनों पेड़, NH-139 पर लगा महाजाम, प्रशासन नदारद, खुद पेड़ हटाने उतरे लोग

जिले में बुधवार की रात आए तेज तूफान और मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. तेज आंधी के कारण नवीनगर और औरंगाबाद शहर के कई प्रमुख रास्तों पर दर्जनों भारी-भरकम पेड़ जड़ समेत उखड़कर सड़क पर गिर गये.

Aurangabad News : औरंगाबाद से सुजीत कुमार की रिपोर्ट. जिले में बुधवार की रात आए तेज तूफान और मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. तेज आंधी के कारण नवीनगर और औरंगाबाद शहर के कई प्रमुख रास्तों पर दर्जनों भारी-भरकम पेड़ जड़ समेत उखड़कर सड़क पर गिर गये. पेड़ों के गिरने से औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग और नवीनगर-माली पथ पर यातायात कई घंटों तक पूरी तरह ठप रहा, जिससे राहगीरों और यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा.

सड़क पर गिरे पेड़, जाम में फंसीं गाड़ियां

नवीनगर प्रखंड के नवीनगर-माली पथ पर तूफान का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला. अचानक मौसम बदलने और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू होने से कई बड़े पेड़ सड़क के बीचों-बीच आ गिरे. सड़क जाम होने के कारण शादी-विवाह के सीजन में आ-जा रहे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. कई बाराती और मुसाफिर बीच रास्ते में ही फंस गए और उन्हें घंटों तक भूखे-प्यासे सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा.

NH-139 पर महाजाम, प्रशासन रहा नदारद

इधर, औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग (NH-139) पर भी तूफान का व्यापक असर दिखा. अरंडा से लेकर औरंगाबाद तक कई स्थानों पर सड़क के दोनों तरफ पेड़ और उनकी टहनियां गिर जाने से लंबा महाजाम लग गया. बस, ट्रक, कार और अन्य छोटे वाहन घंटों जाम में रेंगते रहे. स्थिति यह हो गई कि सड़क साफ करने के लिए प्रशासनिक मदद और जेसीबी (JCB) मशीनों के पहुंचने में काफी देर हुई. प्रशासन की इस सुस्ती को देखते हुए स्थानीय लोग और यात्री खुद सड़क पर उतर आए. लोगों ने मिलकर छोटे पेड़ों और टहनियों को हटाने का प्रयास किया, जिसके बाद कुछ जगहों पर धीरे-धीरे यातायात बहाल हो सका.

बिजली आपूर्ति ठप, अंधेरे में डूबे कई इलाके

तूफान और बारिश का सीधा असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा है. पेड़ गिरने और तेज आंधी के कारण जिले के कई इलाकों में बिजली के तार टूट गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है. विभाग की तरफ से मरम्मत का काम जारी है, लेकिन बड़े पेड़ों के सड़क पर गिरे होने के कारण यातायात और बिजली बहाली में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >