Aurangabad News:( ओम प्रकाश) औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के केशराड़ी निवासी किसान कुंदन यादव हत्याकांड में मुख्य अभियुक्तों और शूटरों की गिरफ्तारी नहीं होने से बढ़ते जनाक्रोश के बीच पुलिस अब फरार अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है. जानकारी के अनुसार मामले के नामजद अभियुक्त सुरेंद्र सिंह और गौतम कुमार उर्फ छोटू के घरों पर जल्द ही कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जा सकती है. दोनों आरोपितों के घरों पर न्यायालय द्वारा जारी इश्तिहार पहले ही चिपकाया जा चुका है.
कुर्की-जब्ती वारंट की प्रक्रिया अंतिम चरण में
पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध न्यायालय से कुर्की-जब्ती वारंट प्राप्त कर लिया गया है अथवा प्राप्त करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. ऐसे में एक-दो दिनों के भीतर पुलिस द्वारा उनके घरों पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
अब तक केवल दो आरोपित गिरफ्तार
हत्याकांड में अब तक की पुलिस कार्रवाई पर नजर डालें तो केवल दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. इनमें एक नामजद अभियुक्त तथा एक अप्राथमिकी अभियुक्त शामिल हैं. पुलिस ने दोनों को घटना में लाइनर की भूमिका निभाने के आरोप में गिरफ्तार किया था. इसके अतिरिक्त मुख्य अभियुक्तों और शूटरों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है, जिससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है.
गिरफ्तारी के लिए लगातार चल रही छापेमारी
दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि सभी नामजद अभियुक्तों एवं घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिलने की उम्मीद है.
19 मई को हुई थी किसान की हत्या
गौरतलब है कि 19 मई की देर शाम दाउदनगर थाना क्षेत्र के भुईयां बिगहा के समीप अपराधियों ने केशराड़ी निवासी 50 वर्षीय किसान कुंदन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस संबंध में मृतक के पुत्र द्वारा दाउदनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.
गिरफ्तारी की मांग को लेकर तेज हुआ आंदोलन
आरोपितों की गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पिछले दिनों दाउदनगर में कैंडल मार्च निकाला गया था. इसके बाद भाकपा-माले द्वारा प्रतिरोध मार्च आयोजित किया गया.
महागठबंधन ने निकाला प्रतिरोध मार्च
बुधवार को महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी दाउदनगर में प्रतिरोध मार्च निकालते हुए अनुमंडल कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया तथा राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीओ को सौंपा. प्रदर्शनकारियों ने शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि जब तक सभी अभियुक्त गिरफ्तार नहीं होते, आंदोलन जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद के दर्शन नगर में पेयजल संकट गहराया, नल-जल योजना बनी शोभा की वस्तु
