Aurangabad News (ओबरा से ब्रजेश द्विवेदी की रिपोर्ट) :
ओबरा थाना क्षेत्र के बेल गांव के पास शनिवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहां सड़क किनारे खड़े होकर अपने घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही एक 50 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार बाइक ने बेरहमी से रौंद दिया. इस भीषण टक्कर के कारण महिला की घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई. मृतका की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के महावर गांव स्थित मटुकधारी बिगहा निवासी स्वर्गीय ईश्वरधारी राम की पत्नी हेवंती देवी (50 वर्ष) के रूप में की गई है. बताया जाता है कि हेवंती देवी अपने ममससुराल बेल गांव में आयोजित एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने आई थीं और विदाई के बाद घर लौटने की तैयारी में थीं.
हादसे के बाद चालक बाइक लेकर फरार, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेवंती देवी शादी समारोह संपन्न होने के बाद मुख्य सड़क के किनारे खड़ी थीं. इसी दौरान मालवां गांव की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरीं और उनके सिर में गंभीर चोट आने से मौके पर ही प्राण पखेरू उड़ गए. हादसे को अंजाम देने के बाद शातिर बाइक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर पचरुखिया-औरंगाबाद मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और नारेबाजी करने लगे.
मुआवजे की मांग पर अड़े रहे परिजन, ओबरा एसएचओ ने खुलवाया जाम
सड़क जाम होने के कारण पचरुखिया-औरंगाबाद मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया. ग्रामीण और पीड़ित परिजन मृतका के आश्रितों को तत्काल सरकारी मुआवजा देने तथा फरार बाइक चालक की अविलंब गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे. घटना की सूचना मिलते ही ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित लोगों को ढाढस बंधाया और उचित कानूनी कार्रवाई व सरकारी प्रक्रिया के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त करवाया. इसके बाद पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया.
कोरोना काल में पति को खोया था, अब मां की मौत से अनाथ हुए बच्चे
एसएचओ नीतीश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. दुर्घटना को अंजाम देकर भागने वाले आरोपी की तलाश के लिए घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बाइक का नंबर और चालक की पहचान स्पष्ट हो सके. स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. हेवंती देवी के पति की मृत्यु पहले ही कोरोना काल में हो चुकी थी. परिवार में अब दो पुत्र और एक पुत्री बचे हैं, जिनके सिर से अब मां का साया भी हमेशा के लिए उठ गया है. इस घटना के बाद से महावर और बेल गांव में शोक की लहर है.
Also Read: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक की मौत से परिवार में कोहराम
