औरंगाबाद में पैसों के लिए पोते ने दादा की पीट-पीटकर की हत्या

औरंगाबाद जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पैसों के विवाद में एक पोते ने अपने 70 वर्षीय दादा की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.

औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के लोकन बिगहा गांव में सोमवार की सुबह रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई. यहां कथित तौर पर पैसों के विवाद में एक पोते ने अपने 70 वर्षीय दादा सुरेश सिंह यादव की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया.

परिजनों ने पोते पर लगाया हत्या का आरोप

मृतक के पुत्र संजय कुमार यादव ने बताया कि उनके ही पुत्र ने किसी बात को लेकर अपने दादा पर लाठी-डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल सुरेश सिंह यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

पैसों की मांग को लेकर हुआ विवाद

ग्रामीणों के अनुसार, सुरेश सिंह यादव गांव-गांव घूमकर अनाज (गल्ला) का व्यवसाय करते थे. बताया जा रहा है कि आरोपित पोता उनसे पैसों की मांग कर रहा था. जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया तो वह गुस्से में आ गया और कथित रूप से लाठी से हमला कर दिया. हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया है. साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए मामले के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

ओबरा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

रिश्तों पर उठे सवाल

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती कटुता और पैसों को लेकर बढ़ते विवादों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों को रोकने के लिए परिवारों में संवाद और आपसी विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit kumar

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >