Aurangabad News : औरंगाबाद में ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थियों को अब अंतरिक्ष और खगोल विज्ञान की दुनिया को करीब से जानने का अवसर मिलेगा. बारुण प्रखंड के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मेंह में स्थापित एस्ट्रोफिजिक्स लैब जल्द ही विद्यार्थियों के लिए शुरू की जाएगी. भविष्य में जिले के अन्य सरकारी विद्यालयों में भी ऐसी प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी. शनिवार को जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने विद्यालय पहुंचकर एस्ट्रोफिजिक्स लैब सहित पूरे परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
पठन-पाठन और विद्यालय व्यवस्था की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यालय की उपस्थिति पंजी, शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र-छात्राओं की नियमितता तथा शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. शिक्षकों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नियमित कक्षाओं के संचालन को लेकर भी चर्चा की.
साफ-सफाई और अनुशासन पर जताया संतोष
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन और पठन-पाठन की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके.
एस्ट्रोफिजिक्स लैब जल्द होगी विद्यार्थियों के लिए शुरू
निरीक्षण का सबसे अहम हिस्सा विद्यालय में स्थापित एस्ट्रोफिजिक्स लैब रहा. डीएम ने लैब में उपलब्ध आधुनिक उपकरणों का अवलोकन किया और उद्घाटन की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर को निर्देश दिया कि उद्घाटन से पहले सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि विद्यार्थियों को जल्द इसका लाभ मिल सके.
अन्य सरकारी स्कूलों में भी बनेगी ऐसी लैब
जिलाधिकारी ने कहा कि एस्ट्रोफिजिक्स लैब बच्चों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने के साथ उन्हें अंतरिक्ष, ग्रहों, तारों और ब्रह्मांड से जुड़े विषयों को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर प्रदान करेगी.उन्होंने सीएसआर फंड के माध्यम से जिले के अन्य सरकारी विद्यालयों में भी ऐसी लैब स्थापित करने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
