शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए एसडीपीओ इंस्पेक्टर सहित कई थानों के थानाध्यक्ष
औरंगाबाद शहर : नगर थाना परिसर में 24 लाख की लागत से पुलिस क्लब का निर्माण कराया जायेगा. रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्वान ब्राह्मण द्वारा शिलान्यास कार्यक्रम की शुरुआत की गयी. एसपी डॉ सत्यप्रकाश ने निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. इससे पहले एसडीपीओ पीएन साहू, सार्जेंट मेजर रामनरेश सिंह, इंस्पेक्टर कृष्ण नंदन प्रसाद सिंह, नगर थानाध्यक्ष राजेश बर्नवाल ने क्लब निर्माण की आधारशिला रखी. इस मौके पर औरंगाबाद जिले के सभी थानों के थानाध्यक्ष मौजूद थे. उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों ने स्वैच्छिक चंदा से भवन निर्माण में सहयोग करने का आश्वासन दिया. पता चला कि क्लब निर्माण में सब इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर स्वेच्छा से राशि उपलब्ध करायेंगे. इसमें पुलिस के पदाधिकारियों और पुलिस विभाग से जुड़े कर्मचारियों से भी मदद ली जायेगी.
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उपस्थित एसडीपीओ पीएन साहू ने कहा कि पुलिस क्लब की जरूरतों को देखते हुए निर्माण की आधारशिला रखी गयी है. बहुत जल्द क्लब बन कर तैयार हो जायेगा. शिलान्यास के साथ ही निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है. नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि जिला मुख्यालय से दूर रहने वाले पुलिस पदाधिकारियों को बाहर से आने और जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है. पुलिस क्लब का अभाव होने से वे रात में इधर-उधर ठहर जाते हैं. अब, पुलिस के पदाधिकारी क्लब में आराम से ठहर सकते हैं. निर्माण कार्य के संबंध में इंस्पेक्टर कृष्ण नंदन प्रसाद सिंह ने बताया कि बिहार पुलिस एसोसिएशन शाखा, औरंगाबाद के तत्वावधान में पुलिस क्लब के भवन का निर्माण कराया जा रहा है. अवधेश कुमार ने बताया कि प्रथम फेज में एक मंजिला क्लब बनेगा. इसके बाद दूसरी मंजिल का निर्माण कार्य प्रारंभ होगा. शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान इंस्पेक्टर अनंतराम, देव थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, कुटुंबा थाना अध्यक्ष सुभाष राय, एनटीपीसी खैरा थानाध्यक्ष अमन आनंद, रफीगंज थानाध्यक्ष संजय सिन्हा, ढिबरा थानाध्यक्ष डीएन सिंह, महिला थानाध्यक्ष शकुंतला कुमारी, सब इंस्पेक्टर अंजय चौधरी, आनंद कुमार, राज कुमार प्रसाद, एससी-एसटी थानाध्यक्ष संतोष रजक, सलैया थानाध्यक्ष दिलीप मांझी, मुफस्सिल के प्रभारी थानाध्यक्ष राजकुमार पांडेय आदि उपस्थित थे.
