औरंगाबाद शहर : सदर प्रखंड के लपुरा गांव में एक ऑटोचालक को अपराधियों ने अगवा कर जान मारने की कोशिश की. पहले तो उसकी जम कर पिटाई की, फिर हाथ-पैर तोड़ कर मरा समझ गांव के बधार में फेंक दिया. अगर शोर सुन कर जल्द कुछ लोग नहीं पहुंचते, तो उसकी जान चली जाती.
गंभीर रूप से जख्मी ऑटोचालक अजीत कुमार को परिजनों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भरती कराया है.घटना मंगलवार की रात की है. अस्पताल में अजीत के पिता महेश यादव, मां सुलवंती देवी और बहन सुनीता देवी ने बताया कि लगभग पांच की संख्या में अपराधी मुंह बांध कर पंचायत भवन में पहुंचे और उसमें सोये अजीत को हथियार के बल पर अगवा कर लिया. गांव से उत्तर दिशा की ओर ले जाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की. जब चिल्लाने की आवाज सुन कर कुछ लोग घटनास्थल की ओर पहुंचने लगे, तो और पीटा व मरा समझ कर फेंक दिया. परिजनों की मानें तो गांव के तीन लोगों को अजीत पहचानता है. मुफस्सिल थाना की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.थानाध्यक्ष ने कहा कि सूचना मिली है, लेकिन अब तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है. फिर भी पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
