औरंगाबाद नगर : शहर के प्रियव्रत पथ स्थित आइएमए हॉल में सुभाष चंद्र बोस जयंती समारोह आयोजित की गयी. समारोह का उद्घाटन औरंगाबाद शहर के प्रख्यात चिकित्सक डा रामाशीष सिंह, जाने माने समाजसेवी श्रीराम प्रसिद्ध सिंह केसरी, जन विकास परिषद के सचिव सिद्धेश्वर विद्यार्थी एवं महाराणा प्रताप सेवा संस्थान के सचिव अनिल सिंह ने संयुक्त रूप से किया. इस दौरान उपस्थित वक्ताओं ने जिले के 44 वर्ष पूरा होने पर समीक्षात्मक चर्चा की. संबोधित करते हुए श्री केसरी ने कहा कि आज लोगों को सोच बदलने की जरूरत है. अनिल सिंह ने कहा कि जहां कमियां महसूस हों, वहां जनप्रतिनिधियो का सहयोग लेकर कार्य कराने की जरूरत है.
आज जनप्रतिनिधि व अधिकारी अपने कार्य पर जवाबदेही नहीं समझते, जब तक कार्य कराने की दबाव नहीं बनती, तब तक चुपी साधे रहते हैं. आज लोगों को जागरूक होने की आवश्यकता है.
सिद्धेश्वर विद्यार्थी ने कहा कि आज जिले में विकास कार्य उपेक्षित है. कई जगहो पर कार्य नही किये जाने से शहर की बदहाली सी बनी हुई है. शहर के बस स्टैंड की तो हालात और खराब है. इसके साथ ही यहां शिक्षण संस्था, पॉलटेक्निक कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज , पुस्तकालय, स्टेडियम बनाने के लिये जनप्रतिनधियों व अधिकारियों को आगे आना होगा. उत्तर कोयल नहर परियोजना, हड़ियाही नहर परियोजना को जल्द पूरा किया जाना चाहिए, ताकि यहां के किसानों को लाभ मिल सके.
साथ ही, सोन नहर का आधुनिकीकरण करवाने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया. इस मौके पर वक्ताओं ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जीवनी पर प्रकाश डाला. उपस्थित सदस्यों ने शहर में नेताजी का भव्य स्मारक बनाने के लिए प्रस्ताव पारित किया. इस मौके पर रामकिशोर सिंह, पुरुषोत्तम पाठक, रामजी सिंह, शिवदेव पांडेय, डाॅ महेंद्र, दिनेश प्रसाद, पप्पू ज्वाला सिंह आदि मौजूद थे.
