औरंगाबाद कार्यालय : औरंगाबाद शहर के नगर पर्षद धर्मशाला चौक के सौंदर्यीकरण की योजना बनायी गयी है. सोमवार की शाम मुख्य पार्षद प्रतिनिधि शिव गुप्ता, कार्यकारिणी के पदाधिकारी सह वार्ड पार्षद सतीश कुमार सिंह के साथ विभागीय अभियंता ने धर्मशाला चौक का निरीक्षण किया और इस पर कार्य प्रारंभ करने के लिए योजना बनाने की बात कही. मुख्य पार्षद प्रतिनिधि शिव गुप्ता ने बताया कि जब रमेश चौक सुंदर व आकर्षक दिखेगा तो धर्मशाला चौक का भी स्वरूप सुंदर दिखना चाहिए,तभी शहर की तसवीर बदलेगी.
इसे ध्यान में रखते हुए धर्मशाला चौक को सुंदर बनाने की योजना बनायी गयी है. इस योजना के तहत नाले के पुल के समीप से महुआ शहीद जानेवाले पथ को और गणपति मंदिर से शाहपुर जानेवाले पथ की ब्रिक सोलिंग की जायेगी. मुख्य पार्षद प्रतिनिधि के अनुसार यह कार्य नगर पर्षद के होने वाले चुनाव के पूर्व पूरा कर लिया जायेगा. इसके लिये टेंडर की प्रक्रिया शीघ्र ही पूरी कर ली जायेगी और कार्य में विलंब नहीं हो इसका पूरा ध्यान नगर पर्षद रखेगा.
शहर के प्रमुख चौक में एक है धर्मशाला चौक: धर्मशाला चौक को औरंगाबाद शहर की हृदय स्थली कहा जाता है . इस चौक का नाम जनता धर्मशाला के नाम पर हुआ था, लेकिन अब इसे देवनगरी के रूप में जाना जाता है. इसी चौक के उत्तर में जनता धर्मशाला और भव्य व आकर्षक दुर्गा मंदिर है. भगवान शिव का मंदिर उत्तर और पूर्वी दिशा में है. पूरब दिशा में संकट मोचन मानस मंदिर और पश्चिम दिशा में भगवान गणेश का मंदिर है. धर्मशाला चौक से ही 100 गज की दूरी पर नगर थाना है.
