औरंगाबाद नगर : जिला स्थापना दिवस व गणतंत्र दिवस मनाने को लेकर समाहरणालय के सभागार में अधिकारियों की एक बैठक आयोजित की गयी, जिसकी अध्यक्षता डीडीसी संजीव सिंह ने की. बैठक में पूर्व की भांति इस बार भी स्थापना दिवस धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया तथा सभी पदाधिकारियों को दिए गए दायित्वों के प्रति संवेदनशील रहने का आग्रह किया गया.
इस बार का कार्यक्रम टाउन हाल में अपराह्न तीन बजे आयोजित होगा तथा इस आयोजन के दौरान नगर भवन परिसर में जिलास्तरीय विभागीय पदाधिकारी द्वारा सरकारी कार्यक्रमों के प्रति जागरूक करने वाला स्टाल के साथ-साथ नि:शुल्क चिकित्सा शिविर व रक्तदान शिविर का लगाने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया. इस अवसर पर अद्यतन दूरभाष निर्देशिका तथा औरंगाबाद जिले के धार्मिक सांस्कृतिक, साहित्यिक व ऐतिहासिक गतिविधि से संबंधित हस्त पुस्तिका के भी प्रकाशन करने का निर्देश दिया गया. साथ ही, इसके लिए अलग से प्रकाशन समिति का गठन होगा. जिला नजारत उप समाहर्ता द्वारा जिले के सीमा पर स्थापना दिवस से संबंधित स्वागत गेट व बैनर, पोस्टर लगा कर आम लोगों के बीच इसका प्रचार-प्रसार का प्रस्ताव दिया गया.
इसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया. आगामी गणतंत्र दिवस की तैयारी को लेकर विगत वर्ष की भांति सभी पदाधिकारी को अपने अपने दायित्वों के प्रति संवेदनशील रहने व इसको लेकर पूर्व में दिये गये निर्देश के आलोक में ससमय कार्रवाई करने का निदेश दिया गया. इसकी विधिवत समीक्षा जनवरी माह में करने का निर्णय लिया गया. इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जायेगा, जिसमें स्थानीय कलाकार शामिल होंगे. इसके अलावे और कई कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे. बैठक में एडीएम राम अनुग्रह सिंह, एनडीसी सुनील कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
