दाउदनगर अनुमंडल : एनएच-98 स्थित दाउदनगर-औरंगाबाद मुख्य पथ पर डीएवी स्कूल के पास सोमवार की सुबह अज्ञात वाहन से कुचल कर 48 वर्षीय शिक्षक अजय सिंह की मौत हो गई. वे नवीनगर प्रखंड के परसा गनेश प्राथमिक विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक पद पर पदस्थापित थे.
दाउदनगर प्रखंड के चौरम गांव के रहनेवाले थे और फिल्म व धारावाहिक निर्देशक संतोष बादल के भाई थे. बताया जाता है कि वे सोमवार की सुबह अपने घर चौरम से नवीनगर जाने के लिए बाइक से निकले थे. वे जैसे ही डीएवी स्कूल से आगे बढ़े, तो अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. परिजनों को मोबाइल द्वारा सूचना मिली, तो वे दौड़े-दौड़े मौके पर पहुंचे. तब तक अजय की मौत हो चुकी थी. सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया. थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अभय कुमार सिंह, एसआइ रामलखन प्रसाद, साकेत सौरभ, शौकत खान आदि पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गये और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया. करमा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया. परिजनों के अनुसार वे नवीनगर से शनिवार को अपने घर आये थे और सोमवार की सुबह स्कूल के लिए निकल गये.
शिक्षक संघ ने दी श्रद्धांजलि : शिक्षक अजय सिंह की सड़क दुर्घटना में निधन की सूचना मिलते ही शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ पड़ी. कादरी मध्य विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक तेजनारायण सिंह की अध्यक्षता में शोकसभा का आयोजन किया गया. दो मिनट का मौन रख कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई. शिक्षक सत्येंद्र कुमार, करूणा कुमार वर्मा, अनुज कुमार पांडेय, निशी कुमारी, उज्जवल कुमार, शहनवाज आलम, शबनम खातून, पुणिता अबष्ट, टोला सेवक धर्मेंद्र चौधरी, ममता देवी, कृष्णा चौधरी, किशोरी चौधरी, बबलु चौधरी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे.
परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिला मीडिया प्रभारी सुनील कुमार बॉबी, दाउदनगर प्रखंड अध्यक्ष अविनाश चंद्र राय, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष चंदा सिंह, महासचिव संजय कुमार सुमन, संयुक्त सचिव धर्मेन्द्र कुमार व ओमप्रकाश ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुये कहा है कि इस दुखद समय में संगठन उनके परिवार के साथ है. जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह चंद्रवंशी ने शिक्षक अजय सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की है. शोक व्यक्त करनेवालों में उनके अलावे पप्पू गुप्ता, उदयनारायण चौधरी, विनोद शर्मा, संजय उर्फ चुन्नू, यमुना सिंह चंद्रवंशी, सीताराम दुखारी, डा अरविंद कुमार आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल : दाउदनगर प्रखंड के अंछा पंचायत स्थित चौरम गांव में शिक्षक अजय सिंह की मौत से शोक की लहर है. जैसे ही सडक दुर्घटना में उनके मौत की सूचना लोगों ने सुना तो उनके घर की तरफ दौड पड़े. जदयू के जिला उपाध्यक्ष अभय चंद्रवंशी एवं शिक्षक पिंटू चंद्रवंशी ने बताया कि तीन भाईयों में बड़े अजय सिंह थे. मंझले फिल्म निर्देशक संतोष बादल हैं जो मुम्बई रहते हैं
तथा छोटे भाई पिंटू कुमार घर ही पर रहते हैं. संतोष बादल मुम्बई में तथा उनके बडे पुत्र उमंग कुमार भोपाल में डिप्लोमा की पढ़ाई करते हैं. दोनों अभी बाहर से घर नहीं पहुंचे हैं. मृतक ही घर के कर्ताधर्ता थे. पत्नी मीना देवी का रो-रो कर बुरा हाल है. वह रोते-रोते बेहोश हो जा रही हैं. छोटा पुत्र गौतम कुमार दसवीं कक्षा का विद्यार्थी है तथा पुत्री खुशबु कुमारी महिला कॉलेज की छात्रा है. दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
