आत्मसमर्पण करनेवाले तीन पूर्व नक्सलियों की पत्नियों को दिये प्रोत्साहन के रुपये
औरंगाबाद (नगर) : उग्रवाद को छोड़ कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए आत्मसमर्पण करनेवाले तीन नक्सलियों के परिजनों को प्रोत्साहन राशि गुरुवार को पुलिस अधीक्षक बाबू राम ने दी. इसमें सबजोनल कमांडर संजय यादव की पत्नी कुंती देवी को दो लाख 12 हजार, एरिया कमांडर आनंदी सिंह की पत्नी यासमनी देवी को दो लाख 12 हजार 42 रुपये व एरिया कमांडर नागेश्वर सिंह की पत्नी शकुंतला देवी को दो लाख दो हजार रुपये के चेक दिये.
इस दौरान एसपी ने कहा कहा कि यह राशि सरकार द्वारा प्रोत्साहन के रूप में दी गयी है. इन पैसों से घर का सही कार्य करें. बच्चों को शिक्षित करें, ताकि आगे चल कर देश के लिए अच्छा काम कर सके. उन्होंने कहा कि जो लोग उग्रवाद छोड़ कर समाज की मुख्य धारा से जुड़ना चाहते हैं, वे स्वेच्छा से बिना किसी डर के आत्मसमर्पण करें. पुलिस उनका स्वागत करेगी.
यह डर सता रहा होगा कि आत्मसमर्पण करने के लिए आयेंगे और पुलिस गिरफ्तार कर लेगी, तो ऐसा कुछ नहीं है. आत्मसमर्पण करनेवाले नक्सलियों को सरकार द्वारा दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि दी जायेगी. इसके अलावा अन्य तरह की भी सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी. गौरतलब है कि नौ दिसबंर, 2015 को सबजोनल कमांडर संजय यादव, एरिया कमांडर आनंदी सिंह व नागेश्वर सिंह मदनपुर में हथियार के साथ आत्मसमर्पण किया था.
