औरंगाबाद (नगर) : दुर्गा पूजा को लेकर जिले में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. नक्सलग्रस्त इलाकों में लगातार पुलिस गश्ती की जा रही है. इधर, डीएम व एसपी ने संयुक्त रूप से आदेश जारी किया है, जिसमें 20 से 22 अक्तबर तक दुर्गा पूजा मनाने की बात कही है.
जिला प्रशासन ने सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों को चिह्नित करते हुए दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की है. जिले के नवीनगर, गोह, दाउदनगर, हसपुरा, देव, मदनपुर, कासमा, सलैया, उपहारा थाना क्षेत्रों में नक्सली गतिविधि को देखते हुए विशेष निगरानी बरतने का निर्देश थानाध्यक्षों को दिया है. साथ ही यह भी कहा है कि पूर्व में जहां सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न हुए हैं, उन स्थानों पर विशेष नजर बनाये रखें, ताकि संप्रदाय तनाव नहीं बिगड़ सके. और जो लोग सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करेंगे उनपर कार्रवाई करें. इधर, एसपी बाबू राम ने कहा है कि मनचलों पर पुलिस की पैनी नजर है.
सादे लिवास में जवानों को तैनात किया गया है. जो लोग महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करेंगे उन पर कार्रवाई की जायेगी. इधर, दुर्गा पूजा को लेकर नगर थाना क्षेत्र के 17 जगहों पर संवेदनशील घोषित किया गया है. इनमें जामा मसजिद, नावाडीह स्थित हनुमान मंदिर, श्री कृष्ण नगर, धरनीधर रोड, बराटपुर, धर्मशाला चौक, शाहपुर चौक, टिकरी मुहल्ला, रमेश चौक, ओवरब्रिज, न्यू एरिया, ब्लॉक मोड़, काली क्लब, चित्रगुप्त नगर, क्लब रोड, गंज मुहल्ला सहित अन्य मुहल्ला शामिल है.
