नवीनगर (औरंगाबाद) : नवीनगर विधानसभा क्षेत्र में कुल 26 कलस्टर सेंटर बनाये गये हैं. उच्च विद्यालय नवीनगर से सभी मतदाताकर्मी ट्रैक्टर व बस द्वारा अपने-अपने कलस्टर सेंटर पर पहुंच कर रात में विश्राम करेंगे. सुबह होते ही अपने-अपने निर्धारित बूथ पर पहुंच कर मतदान करायेंगे.
प्रखंड विकास पदाधिकारी पन्नालाल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था की कमान अर्धसैनिक बल संभालेंगे. इसके लिये अलग-अलग पेट्रोलिंग करने की व्यवस्था की गयी है. नवीनगर विधानसभा क्षेत्र में कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं. उनके भाग्य का फैसला 2 लाख 52 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर करेंगे. नवीनगर प्रखंड क्षेत्र में 16 कलस्टर सेंटर बनाये गये हैं वहीं बारुण प्रखंड में 10 कलस्टर सेंटर बने हैं.
आगे बताया कि सभी बूथों पर इवीएम शुक्रवार की सुबह निर्धारित समय से पहले पहुंचा दी जायेगी. सुबह सात बजे से मतदान आरंभ होगा और अपराह्न तीन बजे तक मतदान करने की प्रक्रिया समाप्त हो जायेगी. उच्च विद्यालय प्रांगण में मतदान से संबंधित सामग्री के लिए कर्मचारियों की भीड़ उमड़ी हुई थी, कर्मचारी चुनाव सामग्री लेकर वाहन से अपने-अपने कलस्टर सेंटर पर कूच कर रहे थे
निर्वाची पदाधिकारी डीसीएलआर अजय कुमार ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था से लेकर सभी चीजों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. ताकि कर्मी एवं जवानों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो सके. बूथ सेंटर के अलावे आसपास के क्षेत्र एवं सड़कों में भी निगरानी रखी जा रही है. इस दिन आने-जाने वाले हर सभी लोग तथा वाहनों पर विशेष नजर रखी जायेगी. ताकि मतदान में किसी तरह की कोई बाधा उत्पन्न न हो. चप्पे पर जवानों की नजर रहेगी. कहीं से भी किसी तरह की कोई गड़बड़ी की सूचना मिलने पर अविलंब कार्रवाई की जायेगी.
