दाउदनगर (अनुमंडल) :गोह विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी मनोज कुमार के समर्थन में हसपुरा हाइस्कूल के मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि हम बिहार में परिवर्तन करना चाहते हैं. विकास के मामले में पहले स्थान पर लाने के लिए, बिहार के बेहतर भविष्य के लिए हम परिवर्तन की बात करते हैं, तो नीतीश कुमार को खराब लगता है.
हम परिवर्तन इसलिए चाहते हैं कि बिहार में किसानों को आत्महत्या न करना पडे. किसानों को अपना धान खेत में न जलाना पड़े. हर खेत को पानी मिले. हमारी सरकारी बनी तो 15 दिसंबर 2016 तक सभी गांवों व टोलों तक बिजली पहुंचेगी. हर गांव में दो फेज बिजली मिलेगी. एक फेज खेतों के लिए और एक फेज घरों के लिए दिया जायेगा. बिहार में शिक्षा व्यवस्था चौपट हो चुकी है. ऐसी शिक्षण संस्थान की स्थापना हम करेंगे, जिससे पढ़ने के लिए बाहर न जाना पड़े. हम विकास के लिए परिवर्तन की बात करते हैं. बिहार में अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है.
पटना के वीआइपी इलाकों में एएसपी को गोली मार दी गयी. 48 घंटे बाद भी अपराधी नहीं पकड़े गये. बिहार की जनता जंगलराज नहीं आने देगी. सभा की देखरेख भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने की.
