झूठे नेताओं से रहें सावधान : मायावती

प्रतिनिधि : औरंगाबाद (ग्रामीण)बिहार को अपराधियों व दंगाइयों से बचाना है, तो बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सिद्धांत ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के तले ही यहां के लोगों को चलना होगा . झूठी शानोशौकत लिये घूम रहे नेताओं का बहिष्कार करना होगा. अगर यहां के लोग अपने प्रदेश में स्वच्छ वातावरण चाहते हैं, तो बसपा […]

प्रतिनिधि : औरंगाबाद (ग्रामीण)बिहार को अपराधियों व दंगाइयों से बचाना है, तो बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सिद्धांत ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के तले ही यहां के लोगों को चलना होगा

. झूठी शानोशौकत लिये घूम रहे नेताओं का बहिष्कार करना होगा. अगर यहां के लोग अपने प्रदेश में स्वच्छ वातावरण चाहते हैं, तो बसपा की सरकार बनानी होगी. हम अपने काम पर विश्वास रखते हैं, चुनावी घोषणापत्र जारी करने में नहीं. इसलिए चुनाव के दिन सुबह में जागो और वोट डालो. लालच में नहीं आना है और बसपा को जिताना है.

ये बातें औरंगाबाद के गांधी मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन मायावती ने कहीं. सभा को संबोधित करते हुए मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को खूब कोसा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सिर्फ झूठी घोषणाओं पर विश्वास रखते हैं.

लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कालाधन वापस लाने के साथ-साथ देशहित के लिए कई घोषणाएं की थीं, लेकिन चुनाव बाद केंद्र में एनडीए की सरकार बनते ही वह सब वादे भूल गये. नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री तो बन गये, लेकिन हिंदुस्तानियों से किये वादों को हमेशा के लिए झूठ के पैकेट में बंद कर दिया. गरीबों के खाते में कभी लाखों रुपये आने की बात कही गयी थी.

लेकिन, आज तक एक रुपया भी उनके खाते में नहीं आया. प्रधानमंत्री अब बिहार को झूठ की आग में धकेलना चाहते हैं. हमें सावधान रहना होगा, दंगाइयों व झूठे नेताओं से. उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बसपा पूरे बिहार में अकेले चुनाव लड़ रही है. पार्टी ने अपने सिद्धांतों व विचारधाराओं से समझौता नहीं किया है.

केंद्र की एनडीए सरकार पूंजीपतियों व उद्योगपतियों को सहायता देने में जुटी हुई है. आरक्षण को भी समाप्त करने की साजिश रच रही है. भाजपा व अन्य पार्टियों को रोकना होगा. केंद्र की गलत नीतियों के कारण महंगाई बढ़ रही है. इससे गरीब, मजदूर व कमजोर वर्ग के लोग प्रभावित हो रहे हैं. उत्तर प्रदेश के गरीबों से पूछिए, जिन्हें उनकी सरकार ने खेती के लिए सरकारी जमीन व मकान उपलब्ध कराये थे.

बिहार में बसपा की सरकार बनाइए. हम सभी वर्गों के लोगों को एक सूत्र में बांध कर नये समाज का निर्माण करेंगे. किसी भी वर्ग के लोगों पर जुर्म नहीं होने दिया जायेगा. उत्तर प्रदेश के तर्ज पर ईमानदारी से जान-माल व मजहब की रक्षा की जायेगी. संतों, महापुरुषों, गरीबों, पिछड़ों व अतिपिछड़ों को सम्मान दिया जायेगा.

सभा में मायावती ने औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे कौशल कुमार सिंह, रफीगंज से मो अलाउद्दीन, नवीनगर से मंजू देवी व गोह से अक्षय कुमार समेत पार्टी के अन्य प्रत्याशियों को जिताने की अपील की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >