चांद खाप के वोटरों ने मतदाता परची लेने से किया इनकार अंबा
(औरंगाबाद) : रिसियप थाना क्षेत्र के चांद खाप गांव के वोटरों ने मतदाता परची लेने से इनकार कर दिया है. जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय चांदखाप बूथ संख्या 121 के बीएलओ सुनील कुमार शुक्रवार को मतदाता परची लेकर गांव में पहुंचे, तो वहां के मतदाताओं ने परची लेने से इनकार कर दिया. बीएलओ ने इसकी सूचना बीडीओ को दी है.
गौरतलब है कि इस गांव में सड़क नहीं होने को लेकर ग्रामीण पहले ही वोट बहिष्कार का निर्णय ले चुके हैं. इसकी लिखित सूचना उन्होंने जिला प्रशासन को दिया था. ग्रामीणों के इस निर्णय पर चुनाव कोषांग द्वारा पहल की गयी. चुनाव कोषांग के निर्देश पर बीडीओ मनोज कुमार ने गांव में जाकर ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया था.
बीडीओ ने कहा कि वोट बहिष्कार करना कोई समस्या का समाधान नहीं है. मतदाताओं को अपने मत से बल दिखाना चाहिए.बूथ पर है 1499 वोटचांद खाप के बूथ पर वोटरों की संख्या 1499 है. इसमें 819 पुरुष व 680 महिला मतदाता हैं. इस बूथ पर चांदखाप के अतिरिक्त नोनिया बिगहा, खैरा के वोटर भी मतदान करते हैं.
इन दोनों गांव के लोगों ने वोट बहिष्कार के लिखित आवेदन में अपनी सहमति जतायी थी. बीएलओ सुनील कुमार से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि चांदखाप के लोगों ने परची लेने से इनकार कर दिया है.
नोनिया बिगहा व खैरा के बुद्धिजीवियों के बीच बात की जा रही है .उन्होंने कहा कि चांद खाप के लोगों भी समझाने-बुझाने का प्रयास जारी है. उम्मीद है कि वोटर अपने मत के प्रयोग के लिए तैयार हो जायेंगे.
