धारदार हथियार से महिलाओं को भी किया जख्मी

सूचना पर पहुंची टंडवा पुलिस ने पीड़ितों पर ही दिखाया रौब, दो घायलों को किया गिरफ्तार घायल महिलाएं न्याय की गुहार के लिए पहुंचीं एसपी आवास एसपी ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया, आरोपितों को गिरफ्तार करने का दिया निर्देश औरंगाबाद (ग्रामीण) : नवीनगर प्रखंड के टंडवा थाना अंतर्गत सिकरिया रतन गांव […]

सूचना पर पहुंची टंडवा पुलिस ने पीड़ितों पर ही दिखाया रौब, दो घायलों को किया गिरफ्तार
घायल महिलाएं न्याय की गुहार के लिए पहुंचीं एसपी आवास
एसपी ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया, आरोपितों को गिरफ्तार करने का दिया निर्देश
औरंगाबाद (ग्रामीण) : नवीनगर प्रखंड के टंडवा थाना अंतर्गत सिकरिया रतन गांव में चोरी का आरोप लगा कर राजेंद्र बैठा व शनि रजक के घर में घुस कर गांव के ही दबंगों ने पिटाई की. महिलाओं को भी बेरहमी से पीटा. लाठी-डंडे के साथ-साथ धारदार हथियार से भी लोगों की पिटाई की.
जैसा कि घायलों ने सदर अस्पताल में चिकित्सकों को बताया है. घटना रविवार की शाम की है. घटना की सूचना पाकर पहुंची टंडवा थाने की पुलिस ने पीड़ितों को इलाज कराने के लिए अस्पताल भेजने के बजाय उन्हीं पर रौब कसी और दो घायलों को गिरफ्तार भी कर लिया. सोमवार की सुबह जख्मी सोनी देवी, सुशीला देवी, ज्योति देवी अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक बाबू राम के आवास पर पहुंची और न्याय की गुहार लगायी. एसपी आवास के गेट के समीप महिलाएं लेट गयी और एसपी से कार्रवाई करने की मांग करने लगी.
महिला ज्योति देवी ने बताया कि गांव के ही रामजन्म सिंह, धीरेंद्र सिंह, सुबोध सिंह, राजवल्लभ, अखिलेश सिंह व अन्य लोगों ने चोरी का आरोप लगा कर घर में घुस गये और परिवार के सभी सदस्यों को बेरहमी से पिटाई की. घटना के तुरंत बाद टंडवा थाने की पुलिस को सूचना दी गयी. पुलिस पहुंची तो आरोपितों को गिरफ्तार करने के बजाय पिटाई से जख्मी हुए राजेंद्र बैठा व शनि रजक को ही पकड़ लिया. एसपी ने महिला की बातें सुनने के बाद कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा. पुलिस अधीक्षक बाबू राम ने कहा कि टंडवा थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि घटना की गंभीरता से छानबीन करें और प्राथमिकी दर्ज कर 24 घंटे के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें.
इधर, सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है. अस्पताल के चिकित्सकों ने महिला सोनी देवी की स्थिति गंभीर बतायी है. इधर, इस संबंध में नवीनगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार दूबे ने बताया कि राजेंद्र बैठा व शनि रजक के खिलाफ थाने में पहले से मामला दर्ज है. उस आरोप में दोनों को गिरफ्तार किया गया. घायल होने के कारण दोनों को नवीनगर पीएचसी में इलाज कराया गया है. अभी दोनों को थाने में रखा गया है. घायलों को बयान नगर थाने में दर्ज हुआ है. वहां से बयान आने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >